Ranchi : लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा अब हर ओर बिखरने लगी है। घरों में भक्ति की मिठास घुल रही है, रसोई में प्रसाद की तैयारी है और मन में छठी मईया के प्रति अटूट विश्वास। नहाय-खाय के साथ शुरू हुई चार दिवसीय छठ पूजा का आज दूसरा दिन है। इसे खरना या लोहंडा कहा जाता है। कार्तिक मास की पंचमी तिथि पर मनाया जाने वाला यह अनुष्ठान छठ महापर्व की सबसे महत्वपूर्ण कड़ियों में से एक है। खरना के दिन व्रती सुबह स्नान कर पवित्रता के साथ व्रत का संकल्प लेते हैं। इसके बाद पूरे दिन अन्न और जल का त्याग कर निर्जला उपवास रखा जाता है। दिन ढलने और सूर्यास्त के बाद घरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। इस अवसर पर मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी या पारंपरिक ईंधन से गुड़ और चावल की खीर तैयार की जाती है। इसके साथ गेहूं के आटे से बनी रोटी का भोग लगाया जाता है। पूजा के बाद व्रती सबसे पहले प्रसाद ग्रहण करती हैं। इसके बाद परिवार के अन्य सदस्य भी श्रद्धा के साथ खरना का प्रसाद खाते हैं।
खरना के बाद शुरू होती है 36 घंटे की कठिन तपस्या
खरना का प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही व्रतियों का करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाता है। इस दौरान व्रती न तो अन्न ग्रहण करती हैं और न ही जल पीती हैं। यह कठिन साधना उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही पूरी होती है। छठ का खरना हमें पवित्रता, अनुशासन, त्याग और समर्पण का संदेश देता है। इस दिन तैयार होने वाला गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि परिवार और समाज के बीच प्रेम, अपनत्व और साझी आस्था का प्रतीक भी है। झारखंड की राजधानी रांची से लेकर राज्य के गांव-कस्बों तक छठ की रौनक देखते ही बन रही है। कहीं घरों में खरना की तैयारी है, तो कहीं छठ घाटों को सजाने-संवारने का काम अंतिम दौर में है। हर तरफ एक ही पुकार सुनाई दे रही है, छठी मईया सबकी मनोकामनाएं पूरी करें और हर घर में सुख-समृद्धि का उजाला भर दें।









