Ranchi : दोस्ती का रिश्ता भरोसे और अपनापन का होता है। साथ बैठना, हंसना-बोलना और एक-दूसरे के सुख-दुख में शामिल होना इसी रिश्ते की पहचान है। लेकिन राजधानी रांची में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने इस रिश्ते को शर्मसार कर दिया। जिस दोस्त के साथ तनवीर शुक्रवार की शाम से वक्त बिता रहा था, उसी के हाथों देर रात उसकी जिंदगी खत्म हो गई। सदर थाना क्षेत्र के गढ़ा टोली में शुक्रवार देर रात एक होटल में खाना खाने के दौरान हुये विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि शाहरुख ने अचानक पिस्तौल निकाली और तनवीर को गोली मार दी। गोली लगते ही तनवीर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
होटल में साथ खा रहे थे खाना
सूत्रों के अनुसार, तनवीर और शाहरुख शुक्रवार शाम से ही एक साथ थे। दोनों के बीच पहले सबकुछ सामान्य था। देर रात करीब 11 बजे दोनों गहला टोली स्थित एक होटल में बैठकर खाना खा रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि शाहरुख ने हथियार निकालकर तनवीर पर गोली चला दी। अचानक हुई इस वारदात से होटल में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। कुछ ही पलों में हंसी-बातों का माहौल चीख-पुकार और दहशत में बदल गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल तनवीर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये रिम्स भेज दिया। उधर, वारदात के बाद आरोपी शाहरुख फरार होने की कोशिश में था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी। आखिरकार शनिवार अहले सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सदर के थानेदार कुलदीप कुमार के अनुसार, हत्या के मामले में मृतक के दोस्त को गिरफ्तार किया गया है। शुरुआती जानकारी में आपसी विवाद को वारदात की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था? क्या कोई पुरानी रंजिश थी या फिर किसी बात ने अचानक इतना गंभीर रूप ले लिया? पुलिस इन सभी पहलुओं पर गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है।









