Ranchi : रांची के टाटीसिलवे में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित भव्य रावण दहन समारोह में राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि आज समाज में जब भी बुराई रावण बनकर खड़ी होगी, तो भगवान राम के आने का इंतजार नहीं करना चाहिये। समाज को खुद राम बनकर उसका मुकाबला करना होगा। दशहरा समिति, टाटीसिलवे की ओर से आयोजित समारोह में डॉ. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुये। हजारों लोगों की मौजूदगी में उन्होंने विजयादशमी को असत्य पर सत्य की जीत का शाश्वत प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि असत्य चाहे कितना भी ताकतवर क्यों न हो जाये, अंत में जीत सत्य की ही होती है। सतयुग में भगवान राम ने रावण का वध किया था, लेकिन आज के दौर में समाज को अपने भीतर साहस और संकल्प जगाना होगा। रावण दहन का असली अर्थ भी यही है कि हम अपने आसपास की बुराइयों के खिलाफ खड़े हों।
‘दिमागी नक्सल’ को बताया आधुनिक रावण का रूप
अपने संबोधन में डॉ. वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 15 अगस्त के संबोधन में इस्तेमाल किये गये ‘दिमागी नक्सल’ शब्द का जिक्र किया। उन्होंने इसे आज की नई चुनौती बताते हुये कहा कि आधुनिक दौर में बुराई अलग-अलग रूपों में सामने आ सकती है। ऐसे में समाज को जागरूक, सक्षम और संकल्पवान बनना होगा। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत काल के बाद देश को नई तरह की चुनौतियों का सामना करना है। इन चुनौतियों से निपटने के लिये समाज को एकजुट होकर आगे आना होगा। डॉ. वर्मा ने यूरोप के हालात का जिक्र करते हुये कहा कि कभी अपनी समृद्धि के लिये पहचाने जाने वाले यूरोप में आज अस्थिरता देखने को मिल रही है। उन्होंने भारत के समाज और जनमानस की सक्रिय भूमिका पर जोर देते हुये कहा कि यहां लोग बुरी ताकतों का विरोध करने के लिए प्रशासन का इंतजार नहीं करते, बल्कि खुद भी आगे आते हैं। उनके अनुसार, समाज की एकजुटता और बुराइयों के खिलाफ खड़े होने का संकल्प ही देश की ताकत है। समारोह के अंत में डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने दशहरा समिति, टाटीसिलवे की पूरी टीम की सराहना की। उन्होंने उपस्थित अतिथियों और स्थानीय लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन का समापन उन्होंने ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ किया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष शंकर प्रसाद साहू, पूर्व विधायक रामकुमार पाहन, विनोबा भावे विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति रवींद्र नाथ भगत, समिति के संरक्षक जैलेंद्र कुमार, डीएसपी अमर कुमार पांडेय, मुखिया कृष्णा पाहन, जिला परिषद सदस्य अनुराधा मुंडा, कर्नल बी. के. सिंह समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।








