UP : गांव में रामलीला चल रही थी। लोग भगवान राम और रावण की कथा देखने में मशगूल थे। लेकिन इसी बीच एक ऐसी साजिश रची जा रही थी, जिसने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। किसान प्रमोद की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी उर्मिला और बाइक मिस्त्री सिकंदर उर्फ काला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था और इसी रिश्ते में प्रमोद के विरोध के बाद उसकी हत्या की साजिश रची गई। यूपी के बागपत के बड़ौत क्षेत्र के कोताना गांव में हुई इस वारदात ने रिश्तों और भरोसे को लेकर कई सवाल खड़े कर दिये हैं। जिस घर को प्रमोद ने मेहनत से बसाया था, उसी परिवार से जुड़ी साजिश में उसकी जान चली गई। पिता की हत्या के बाद प्रमोद के बेटे अंकुर और आयुष गहरे सदमे में हैं। परिवार में दुख के साथ आक्रोश भी है। दोनों बेटों ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की है।
दुकान से शुरू हुई नजदीकी, फिर रिश्तों में आई दरार
पुलिस जांच से खुलासा हुआ कि 44 साल के किसान प्रमोद के मकान के बाहरी हिस्से में एक दुकान थी। गांव का रहने वाला सिकंदर उर्फ काला पिछले करीब तीन वर्षों से इस दुकान को किराये पर लेकर बाइक मरम्मत का काम करता था। पुलिस का दावा है कि वर्ष 2024 से सिकंदर और प्रमोद की पत्नी उर्मिला के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ। जब प्रमोद को इसकी जानकारी मिली, तो उसने विरोध किया। आरोप है कि इसी विरोध के बाद दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात प्रमोद अपनी पत्नी उर्मिला के साथ गांव में रामलीला देखने गया था। इसी दौरान सिकंदर भी वहां पहुंचा। रात करीब साढ़े नौ बजे उसने प्रमोद को नलकूप पर चलकर शराब पीने के लिये बुलाया। इल्जाम है कि नलकूप पर सिकंदर ने प्रमोद की शराब में नशे की गोलियां मिला दीं। जब प्रमोद नशे की हालत में हो गया, तो सिकंदर ने बोतल से उसके सिर पर कई वार किये और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को घसीटकर करीब 150 मीटर दूर गन्ने के खेत में फेंक दिया गया। वारदात के बाद सिकंदर दोबारा रामलीला में पहुंचा और फिर उर्मिला के साथ घर चला गया। इधर, प्रमोद का शव मिलने के बाद उसके भाई विनोद ने गांव के पंकज, राहुल, अंकित और मुकेश पर हत्या का शक जताते हुये प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बताया गया कि बच्चों के बीच खेलने को लेकर हुये पुराने विवाद के बाद प्रमोद और कुछ ग्रामीणों के बीच तनाव था। पुलिस ने इस पहलू समेत अन्य संभावनाओं पर भी जांच की। इसी दौरान उर्मिला और सिकंदर की कॉल डिटेल खंगाली गई। दोनों के बीच लगातार बातचीत की जानकारी मिलने के बाद पूछताछ की गई, जिसमें पुलिस ने हत्या की साजिश का खुलासा करने का दावा किया। पुलिस के मुताबिक, शव मिलने के बाद सिकंदर सोमवार सुबह घटनास्थल पर भी पहुंचा था और वहां की गतिविधियों पर नजर रख रहा था।
व्हाट्सएप पर पूछती रही पत्नी, ‘काम हुआ या नहीं?’
इस मामले में पुलिस जांच का सबसे अहम पहलू उर्मिला और सिकंदर के बीच हुई कथित व्हाट्सएप बातचीत है। पुलिस के अनुसार, जब सिकंदर नलकूप पर प्रमोद के साथ था, तब उर्मिला लगातार मैसेज के जरिये घटना की जानकारी ले रही थी। उसने पूछा कि प्रमोद को मारा या नहीं। सिकंदर ने जवाब दिया कि अभी उसे ज्यादा नशा नहीं हुआ है। इस पर उर्मिला ने पूछा कि वह नशे में क्यों नहीं हुआ। पुलिस का दावा है कि हत्या के बाद सिकंदर ने उर्मिला को मैसेज करके इसकी जानकारी भी दी।








