Kohramlive : बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने हरियाणा के सोनीपत से जतिन को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने फायरिंग करने वाले कथित शूटरों को हथियार उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई थी। जतिन के साथ अंकित उर्फ राजेश और समीर की गिरफ्तारी की भी जानकारी सामने आई है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 10 बताई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच का दायरा हरियाणा के सोनीपत से पंजाब के अमृतसर और फिर मुंबई तक फैला है।
अमृतसर से मुंबई पहुंचाये गये थे हथियार
पुलिस जांच के मुताबिक, सोनीपत के कुणाल और सुमित ने अमृतसर से एक पिस्टल और 20 गोलियां हासिल किये थे। पुलिस का आरोप है कि ये हथियार कथित तौर पर लॉरेंस गैंग से जुड़े अनिल पंडित के निर्देश पर जुटाये गये थे। हथियार मुंबई पहुंचाने के लिये राधा और बबीता को कथित तौर पर कूरियर के रूप में इस्तेमाल किया गया। बताया गया है कि बीते 15 अक्टूबर को कुणाल ने दोनों महिलाओं को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर छोड़ा था। इसके बाद वे ट्रेन से मुंबई रवाना हुईं। पुलिस की जांच के अनुसार, पिस्टल राधा के बैग में छिपाई गई थी। 17 अक्टूबर को दोनों मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन पहुंचीं और एक होटल में ठहरीं। इसी दिन एक नाबालिग लड़का होटल के पास राधा से बैग लेने पहुंचा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार आगे किसे सौंपे गये और इस पूरी कड़ी में नाबालिग की क्या भूमिका थी। पुलिस के हवाले से मीडिया में आई खबर के अनुसार, जतिन ने कथित तौर पर हथियारों की व्यवस्था करने में मदद की थी। आरोप है कि वह कुणाल और सुमित के साथ हथियार लेने अमृतसर भी गया था। अंकित उर्फ राजेश पर मुख्य आरोपियों के साथ मुंबई में रुकने और रेकी करने में मदद करने का आरोप है। वहीं, समीर के बारे में पुलिस का कहना है कि वह कथित शूटरों के संपर्क में था और उनके साथ मुंबई में ठहरा था। कुणाल की मुलाकात जेल से रिहा होने के बाद एक दोस्त के जरिये अनिल पंडित से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच एन्क्रिप्टेड ऐप के माध्यम से बातचीत होने लगी। पुलिस इस संपर्क और कथित वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।
ये हैं फायरिंग करने के कथित शूटर
इस मामले में तीन कथित शूटरों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया था। उनकी पहचान रेहान उर्फ सुक्का, फूल सिंह और रितिक कुर्मी उर्फ रोशन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रेहान और फूल सिंह हरियाणा के सोनीपत के रहने वाले हैं, जबकि रितिक मूल रूप से बिहार के बेगूसराय का निवासी है और मुंबई में रह रहा था। पुलिस इन तीनों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि फायरिंग की साजिश किसने रची, हथियार किसने उपलब्ध कराये और वारदात के पीछे असली मकसद क्या था। गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में शाम करीब सात बजे टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना हुई थी। अभिनेता इस घटना में बाल-बाल बच गये थे, जबकि उनके ड्राइवर को चोटें आने की जानकारी सामने आई थी।








