Ramgarh : रात का सन्नाटा था। पति-पत्नी अपने क्वार्टर में बैठकर मोबाइल देख रहे थे। तभी अचानक दो नकाबपोश बदमाश घर में घुस आये। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, बदमाशों ने पत्नी के हाथ बांध दिये और मुंह पर टेप चिपका दिया। फिर धारदार हथियार से पति पर हमला कर दिया। कुछ ही पलों में घर के भीतर चीख-पुकार की जगह खौफनाक खामोशी छा गई। झारखंड के रामगढ़ के गिद्दी में हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) की आम्रपाली परियोजना में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत मंगलेश पाल की बीती देर रात उनके क्वार्टर में घुसकर हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान उनकी पत्नी सोनाली को बंधक बना लिया गया। हत्या के बाद आरोपी दो मोबाइल फोन और जेवरात लेकर फरार हो गये।
मदद मांगने तक का मौका नहीं मिला
मृतक की पत्नी सोनाली के मुताबिक, घटना के समय दोनों क्वार्टर में बैठे मोबाइल देख रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात नकाबपोश जबरन घर में घुस आये। बदमाशों ने पहले दंपती को अपने कब्जे में लिया और सोनाली के हाथ बांधकर उनके मुंह पर टेप चिपका दिया। इसके बाद हमलावरों ने मंगलेश पाल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पत्नी को इस तरह बेबस कर दिया गया कि वह शोर मचाकर मदद भी नहीं मांग सकीं। वारदात की खबर फैलते ही आसपास के लोग क्वार्टर के बाहर जमा हो गये। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। सूत्रों का कहना है कि मंगलेश पाल कुछ दिन पहले वॉलीबॉल खेलते समय पैर फ्रैक्चर होने के कारण अपने आवास पर ही रह रहे थे। उनकी पत्नी सोनाली अपने मायके गया गई हुई थीं और घटना से करीब दो दिन पहले ही वापस लौटी थीं। पत्नी के लौटने के कुछ ही समय बाद हुई इस वारदात के बाद जितनी जुबां, उतनी तरह की बातें हो रही है। हत्या के बाद घर से दो मोबाइल फोन और जेवरात गायब होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस मामले को केवल लूटपाट मानकर जांच नहीं कर रही है। पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।








