Dhanbad : खेलते-खेलते एक मासूम अचानक ऐसी मुसीबत में फंस गया कि आसपास के लोगों की सांसें थम गईं। धनबाद जिले के बलियापुर स्थित बेलगड़िया टाउनशिप में बच्चा आयुष जलापूर्ति के लिये रखे गये एक बड़े पाइप के भीतर फंस गया। बच्चे के फंसने की खबर मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गये। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची। पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों की संयुक्त कोशिशों के बाद आयुष को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात रही कि इस घटना में बच्चे की जान बच गई। जानकारी के मुताबिक, बेलगड़िया टाउनशिप के एक खुले मैदान में दामोदर नदी से जलापूर्ति के लिये हजारों पाइप रखे गये हैं। इसी मैदान में खेलते समय आयुष एक पाइप के अंदर चला गया, लेकिन बाहर निकलने में असमर्थ हो गया। बच्चे के फंसने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग उसे बचाने के लिये दौड़े। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर उसे बाहर निकालने की कोशिश की और पुलिस को भी सूचना दी। इसके बाद बेलगड़िया TOP की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस और ग्रामीणों की सूझबूझ से सुरक्षित निकला बच्चा
बेलगड़िया TOP इरफान अंसारी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने बचाव अभियान शुरू किया। बच्चे को निकालने के लिये एक गाड़ी भी मंगाई गई थी। हालांकि, उससे पहले ही पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त कोशिश सफल रही और आयुष को सही-सलामत बाहर निकाल लिया गया। बच्चे के बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। एक छोटी-सी लापरवाही किस तरह बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इस घटना ने एक बार फिर इसकी ओर ध्यान खींचा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में पाइपों को खुले मैदान में रखने की व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह बड़े पाइपों का ढेर लगा रहने से बच्चों के लिये खतरा बना रहता है। खेलते समय कोई बच्चा पाइप के भीतर चला जाये या उसके नीचे दब जाये, तो गंभीर हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से पाइपों को व्यवस्थित तरीके से रखने और मैदान में सुरक्षा के जरूरी इंतजाम करने की मांग की है।








