Ramgarh : मां का जाना जीवन का ऐसा दुख है, जिसे शब्दों में बयां करना आसान नहीं। घर के आंगन से मां की आवाज भले खामोश हो जाये, लेकिन उनकी यादें हमेशा दिल में जिंदा रहती हैं। CM हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में भी कुछ ऐसा ही भावुक माहौल नजर आया। CM हेमंत सोरेन की दिवंगत मां रूपी सोरेन के संस्कार भोज में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। हर कोई दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने और दुख की इस घड़ी में सोरेन परिवार के साथ खड़े होने आया था। नेमरा में आयोजित संस्कार भोज का कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। देश और झारखंड के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक नेताओं, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने दिवंगत रूपी सोरेन की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। वहीं, शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री के पैतृक गांव में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। विशिष्ट अतिथियों से लेकर आम नागरिकों तक, हर कोई इस दुख की घड़ी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने पहुंचा। माहौल में शोक था, आंखों में संवेदना और परिवार के प्रति अपनापन साफ झलक रहा था। दिवंगत रूपी सोरेन को श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया और परिवार को ढांढस बंधाया।
खुद आगे रहे CM हेमंत सोरेन
मां को खोने का दर्द गहरा होता है, लेकिन इस कठिन समय में भी CM हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों से मुलाकात की। उन्होंने आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया कि दूर-दराज से आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। CM ने विशिष्ट अतिथियों के साथ-साथ आम लोगों से भी मुलाकात की, उनका अभिवादन स्वीकार किया और दुख की इस घड़ी में साथ देने के लिये सभी के प्रति आभार जताया। नेमरा में उमड़ी भारी भीड़ और विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुये जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी थी। गांव और आसपास के इलाकों में वाहनों की पार्किंग, यातायात नियंत्रण, आगंतुकों के बैठने और भोजन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। लोगों की सुविधा के लिये माइक से लगातार आवश्यक सूचनाएं दी जाती रहीं। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की मुस्तैदी के बीच पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बावजूद व्यवस्थाएं सुचारु बनाये रखने का प्रयास किया गया। संस्कार भोज के समापन पर मुख्यमंत्री और उनके परिवार की ओर से सभी नागरिकों, शुभचिंतकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। परिवार ने इस कठिन समय में संवेदना और संबल देने पहुंचे लोगों के प्रति कृतज्ञता जताई।








