Ranchi : झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार ने राज्य के तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों में नये कुलपतियों की नियुक्ति कर दी है। इन नियुक्तियों से राज्य के विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। रांची स्थित Dr. Shyama Prasad Mukherjee University (DSPMU) के नये कुलपति के रूप में राजीव मनोहर की नियुक्ति की गई है। प्रो. मनोहर इससे पहले University of Lucknow में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत थे। उन्हें शिक्षा और शोध के क्षेत्र में लंबा अनुभव है। राज्य की दूरस्थ शिक्षा व्यवस्था को संभालने वाले Jharkhand State Open University के कुलपति के रूप में अभय कुमार सिंह की नियुक्ति हुई है। प्रो. सिंह वर्तमान में Nalanda Open University में प्रोफेसर और डीन के पद पर कार्यरत हैं। Jamshedpur Women’s University की नई कुलपति के रूप में इला कुमार को नियुक्त किया गया है। प्रो. इला कुमार फिलहाल Indira Gandhi Delhi Technical University for Women (IGDTUW) में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। राजभवन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, तीनों कुलपतियों की नियुक्ति योगदान की तिथि से तीन वर्ष के लिये की गई है। यह अधिकतम अवधि होगी। कुलाधिपति की इच्छा के अनुसार वे अपने पद पर कार्य करेंगे। इन नियुक्तियों के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि झारखंड के विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सुधार, शोध और प्रशासनिक कार्यों में नई गति आयेगी।

इसे भी पढ़ें : हवाई सफर महंगा, गैस संकट से होटल-रेस्तरां पर भी आफत…






