Kohramlive Desk : वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर क्रिकेटर ड्वेन ब्रावो ने IPL से संन्यास लेने का फैसला लिया है। हाल ही में उन्हें चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने रिलीज किया था। अब उन्होंने इस लीग से संन्यास लेने का फैसला लिया।
The streets will never forget…💛#ChampionForever 🦁 pic.twitter.com/am3oTQu7Ce
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) December 2, 2022
जुड़े थे चेन्नई सुपर किंग्स से
39 साल के ब्रावो इस टीम के साथ 2010 के आखिर में जुड़े थे और 2011 से सीएसके के लिए खेल रहे हैं। 2016 और 2017 में चेन्नई के बैन होने पर ब्रावो दूसरी टीम से खेले थे। हालांकि 2018 में चेन्नई की वापसी के बाद वह फिर से सीएसके फ्रेंचाइजी से जुड़ गए थे। ब्रावो तीन बार (2011, 2018 और 2021) चैंपियन बनने वाली टीम का हिस्सा रह चुके हैं। सीएसके ने कुल चार बार आईपीएल का खिताब जीता है। इसके साथ ही ब्रावो 2014 में चैंपियंस लीग जीतने वाली चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का भी हिस्सा थे।
सीएसके के बॉलिंग कोच बने ब्रावो
ब्रावो अब आईपीएल 2023 में लक्ष्मीपति बालाजी की जगह चेन्नई सुपर किंग्स के बॉलिंग कोच का रोल निभाते नजर आएंगे। बालाजी ने निजी कारणों से एक साल के लिए ब्रेक लिया है। ब्रावो 2008 से आईपीएल से जुड़े रहे हैं। शुरुआत में वह मुंबई इंडियंस से तीन सीजन खेले।
आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट
ब्रावो के नाम आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने का ओवरऑल रिकॉर्ड है। उन्होंने 161 मैचों में 183 विकेट लिए हैं। ब्रावो के बाद लसिथ मलिंगा का नाम आता है। मलिंगा ने 122 आईपीएल मैचों में 170 विकेट झटके थे। 161 में से 116 मैच ब्रावो ने चेन्नई से खेले हैं।
आईपीएल में बनाए 1560 रन
इसके अलावा ब्रावो इस लीग में 1560 रन भी बना चुके हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 70 रन का रहा है। आईपीएल करियर में ब्रावो का स्ट्राइक रेट 129.57 का रहा। इसके अलावा उन्होंने पांच अर्धशतक लगाए। ब्रावो के साथी और मुंबई इंडियंस से खेलने वाले कीरोन पोलार्ड ने भी हाल ही में आईपीएल से संन्यास लिया था। ब्रावो को इस साल चेन्नई सुपर किंग्स ने रिटेन नहीं किया था और अब उन्होंने संन्यास लेने का फैसला लिया।
ब्रावो ने क्या कहा?
ब्रावो ने भावुक होते हुए कहा- मैं इस नए सफर का इंतजार कर रहा हूं, क्योंकि यह कुछ ऐसा है जिसे मैं अपने खेलने के दिनों के पूरी तरह खत्म होने के बाद खुद को करते हुए देखता हूं। मुझे गेंदबाजों के साथ काम करने में मजा आता है और मैं इस भूमिका को लेकर उत्साहित हूं। खिलाड़ी से लेकर कोच तक, मुझे नहीं लगता कि मुझे ज्यादा एडजस्ट करने की जरूरत है क्योंकि जब मैं खेल रहा होता हूं, तो मैं हमेशा गेंदबाजों को सजेशन देता हूं और बल्लेबाजों से एक कदम आगे रहने को कहता हूं। साथ ही उनके साथ स्ट्रैटजी बनाता हूं। फर्क सिर्फ इतना है कि मैं अब मिड-ऑन या मिड-ऑफ पर खड़ा नहीं रहूंगा।
विश्वनाथन ने की ब्रावो की तारीफ
ब्रावो के शानदार करियर की सराहना करते हुए सीएसके के सीईओ काशी विश्वनाथन ने कहा- आईपीएल में शानदार करियर के लिए ड्वेन ब्रावो को बधाई। वह एक दशक से भी अधिक समय से सुपर किंग्स परिवार के महत्वपूर्ण सदस्य हैं और हम इस संबंध को जारी रखने के लिए उत्साहित हैं।
इसे भी पढ़ें : “कमलदेव गिरी की ह*त्या आपसी रंजिश का परिणाम नहीं”… देखें
इसे भी पढ़ें : डॉग स्क्वायड ने नक्सलियों के मंसूबे पर फेरा पानी… देखें कैसे










