Hazaribagh(Sunil Sahu) : पुराने साल को अलविदा और नये वर्ष के स्वागत का उत्साह हर चेहरे पर साफ झलक रहा है। कहीं गिनती शुरू हो चुकी है, तो कहीं जश्न की तैयारी। इसी खुशनुमा माहौल में सैर-सपाटे के शौकीन लोग अब भीड़-भाड़ से दूर सुकून भरे ठिकाने तलाश रहे हैं और हजारीबाग का जैव विविधता पार्क इस तलाश का सबसे खूबसूरत जवाब बनकर उभरा है।
हरियाली में लिपटा सुकून
घने जंगलों के बीच बसा, वन विभाग द्वारा संचालित यह जैव विविधता पार्क इन दिनों सैलानियों से गुलजार है। चारों ओर फैली हरियाली, शुद्ध हवा और शांत वातावरण मानो शहर की थकान को पल भर में उतार देता है। यहां बने तालाब, पैदल भ्रमण पथ और बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था लोगों को बार-बार अपनी ओर खींच रही है। पार्क में बच्चों के लिये झूले और खेल सामग्री किसी उत्सव से कम नहीं। परिवार के साथ आये लोग घंटों यहां वक्त बिता रहे हैं। वहीं बुजुर्गों के लिये शांत माहौल में टहलने और बैठकर प्रकृति निहारने की सुविधा इस जगह को खास बना रही है। पार्क घूमने आये सैलानियों का कहना है कि हजारीबाग में इससे पहले इतना सुव्यवस्थित और प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थल नहीं था। जैव विविधता पार्क के खुलने से अब अन्य जिलों से भी पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों को भरोसा है कि यह पार्क हजारीबाग को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान देगा। इससे स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। नये साल की शुरुआत में जैव विविधता पार्क उम्मीद, हरियाली और विकास का प्रतीक बनकर सामने आया है।






