Ranchi : रांची के BIT मोड़ स्थित कौसल्या कॉम्प्लेक्स में संचालित पी.पी. ज्वेलर्स की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया और लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गये। सुबह जब दुकान का शटर उठा तो भीतर का नजारा देखकर दुकान संचालक के पैरों तले जमीन खिसक गई। ताला टूटा हुआ था, अलमारियां खुली थीं और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।
रात के सन्नाटे में टूटा सुरक्षा का घेरा
खबर है कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुये दुकान का ताला तोड़ा और भीतर प्रवेश कर गये। इसके बाद उन्होंने बेहद सुनियोजित तरीके से दुकान में रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषणों और अन्य सामान को निशाना बनाया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से आराम से फरार हो गये और आसपास किसी को भनक तक नहीं लगी। आज सुबह दुकान में सेंधमारी की फैली खबर के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया, वहीं घटनास्थल के आसापस लगे CCTV फुटेज को खंगाल रही है, ताकि चोरों का कोई सुराग मिल सके। इस संबंध में दुकान के मालिक लालपुर निवासी पशुपती नाथ स्वामी ने मेसरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।






