Kohramlive : हर महीने वक्त कुछ नया साथ लाता है कभी राहत, कभी उलझन। जुलाई की पहली तारीख भी कुछ ऐसे ही बदलाव लेकर आई है, जो आपके जेब, सफर, बैंकिंग और टैक्स रिटर्न से सीधे जुड़े हैं। ज़रा जानिये, क्या बदला है इस महीने से
रेल यात्रा अब थोड़ा महंगा और नियम थोड़ा सख्त
अगर आप लंबी दूरी की ट्रेन यात्रा पर निकलने वाले हैं, तो टिकट के दाम अब पहले से थोड़े ज़्यादा चुकाने होंगे। नॉन एसी टिकट पर हर किलोमीटर पर 1 पैसा ज़्यादा। एसी टिकट पर 2 पैसे प्रति किमी की बढ़ोतरी। ये बढ़ोतरी 1000 किमी से अधिक दूरी पर लागू होगी। वहीं तत्काल टिकट की बुकिंग अब आधार लिंकिंग के बिना नामुमकिन। IRCTC अकाउंट आधार से लिंक हो और मोबाइल पर OTP आये तभी टिकट बुक होगी। रेलवे एजेंट अब तत्काल शुरू होने के पहले 30 मिनट तक टिकट नहीं बुक कर पायेंगे।
बैंकिंग और क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव
ATM से अधिक निकासी पर चार्ज बढ़ा। क्रेडिट कार्ड बिल अब भारत बिल पेमेंट सिस्टम (BBPS) से भरना जरूरी। इससे फोनपे, बिलडेस्क जैसे एप्स पर असर होगा। ICICI, HDFC, Axis, Kotak जैसे बैंकों ने अपनी फीस, ब्याज और लिमिट में बदलाव किया है। गेमिंग पर टैक्स: HDFC बैंक अब ₹10,000 से ज्यादा ऑनलाइन गेमिंग खर्च पर 1% चार्ज वसूलेगा। पेटीएम जैसे वॉलेट में ₹10,000 से ज्यादा ट्रांसफर पर भी 1% शुल्क लगेगा।
पैन कार्ड, आधार और टैक्स का गणित
अब बिना आधार के पैन कार्ड नहीं बनेगा। पहले से जिनके पास पैन है, उन्हें 31 दिसंबर 2025 तक आधार से लिंक करना होगा। नहीं किया तो 1 जनवरी 2026 से पैन निष्क्रिय होगा। ITR भरने की तारीख बढ़ी है, अब 15 सितंबर 2025 तक रिटर्न दाखिल कर सकते हैं। GST रिटर्न की प्रक्रिया हुई पारदर्शी, लेकिन अब कोई गलती माफ नहीं, GSTR-3B खुद संशोधित नहीं कर सकेंगे।
पुराने वाहनों को अब न पेट्रोल मिलेगा, न माफ़ी
दिल्ली में 15 साल पुराने पेट्रोल और 10 साल पुराने डीजल वाहनों पर फ्यूल प्रतिबंध लग गया है। सार्वजनिक स्थानों पर पाए जाने पर चार पहिया वाहन पर ₹10,000 जुर्माना, दोपहिया वाहन पर ₹5,000 जुर्माना लगेगा। वहीं वाहन सीधे स्क्रैप यार्ड भेजे जायेंगे।
गैस सिलेंडर सस्ता
19 किलो वाला कमर्शियल LPG सिलेंडर ₹58.50 सस्ता हुआ। वहीं घरेलू 14.2 किलो सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं।
छोटी बचत योजनाओं की ब्याज दरें भी बदल सकती हैं
अगर आपने छोटी बचत योजनाओं में निवेश कर रखा है, तो ब्याज दरें कम हो सकती हैं। RBI की रेपो दर में कमी के चलते 1 जुलाई से 30 सितंबर तक नई दरें लागू होंगी।








