Chouparan(Krishna Paswan) : इस बार चौपारण की भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा सिर्फ धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि प्रशासनिक अनुशासन और जनसहभागिता का एक आदर्श उदाहरण बनकर उभरी। हजारों श्रद्धालुओं की भीड़, फिर भी कहीं कोई अव्यवस्था नहीं और इसके केंद्र में रहे थानेदार अनुपम प्रकाश। रथ यात्रा की कामयाबी के बाद अब अनुपम प्रकाश की चर्चा एक जनपक्षधर अधिकारी के रूप में हो रही है। चौपारण थाना परिसर अब महज शिकायत दर्ज कराने की जगह नहीं, बल्कि संवाद और समाधान का केंद्र बन गया है।
जन सुनवाई में नए आयाम
रेणु देवी जैसी महिला ग्रामीणों ने कहा, “पहली बार महसूस हुआ कि पुलिस हमारी है। थाना प्रभारी खुद सुनते हैं, आदेश भी तुरंत देते हैं।” एक स्थानीय शिक्षक बोले, “अनुपम जी ना जात-पात देखते हैं, ना सिफारिश, सीधी कार्रवाई और ईमानदार सुनवाई करते हैं।” रथ यात्रा के दौरान भीड़ नियंत्रण, चिकित्सा सुविधा, महिला सुरक्षा, हर पहलू पर बारीकी से नजर रखी गई। खुद थानेदार मौके पर मौजूद रहे और उनकी टीम ने सामुदायिक सहयोग के साथ व्यवस्था को संभाला। थानेदार अनुपम प्रकाश का कहना है कि “थाना ऐसा हो जहां लोग डर नहीं, भरोसे के साथ आयें। चौपारण को अपराधमुक्त बनाने के लिये जनता और पुलिस को साथ चलना होगा।” इस समय जब सिस्टम पर लोगों का भरोसा डगमगा रहा है, चौपारण में थाना एक मिसाल बन रहा है, जहां वर्दी के पीछे इंसानियत भी झलकती है।










