Ranchi : राजधानी रांची में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। धुर्वा थाना क्षेत्र के स्मार्ट सिटी के पास CNG पेट्रोल पंप के नजदीक छापेमारी कर पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में शामिल चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 4 हजार पुड़िया ब्राउन शुगर, जिसका कुल वजन 338.96 ग्राम बताया गया है, बरामद किया है। मौके से चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और 9,100 रुपये नकद भी जब्त किये गये हैं। अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि नशे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
गुप्त सूचना पर बनी छापेमारी टीम
रांची पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि धुर्वा थाना क्षेत्र में स्मार्ट सिटी के पास CNG पेट्रोल पंप के नजदीक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना में सोनू तिवारी और संदीप उर्फ मामा का नाम भी सामने आया था। इसके बाद हटिया DSP नीरज कुमार के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम बनाई गई। गठित टीम बताये गये स्थान पर पहुंची, तो वहां पांच से छह युवक संदिग्ध स्थिति में खड़े थे। पुलिस को देखकर वे भागने लगे। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने पीछा कर चार युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान ब्राउन शुगर की बड़ी खेप समेत अन्य सामान बरामद किया गया। पकड़े गये बदमाशों के नाम अभिषेक तिवारी, शुभम कुमार उर्फ राजा, अंकित तिवारी (तीनों एकता नगर, जगन्नाथपुर, रांची) एवं रितिक राज (सिठियो रोड, पटेल कॉलोनी, धुर्वा, रांची) बताये गये। इसमें अंकित तिवारी का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है।






