Garhwa(Nityanand Dubey) : नदी की रेत से आखिर किसकी जेब भर रही है और सरकारी खजाने को कितना नुकसान हो रहा है? गढ़वा के धुरकी प्रखंड में कनहर नदी के घाटों से जुड़ी एक शिकायत ने ऐसे ही कई गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। आरोप है कि रात के अंधेरे में JCB और लोडर से बालू का कथित अवैध उत्खनन किया जा रहा है। वन भूमि पर बालू जमा करने, पेड़ों की कटाई और पहले से जब्त बालू की बिक्री के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। शिकायत में बालू के कथित भंडारण का अनुमानित बाजार मूल्य दो से तीन करोड़ रुपये बताया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुये रांची के DC पशुपति नाथ मिश्रा ने चार सदस्यीय संयुक्त जांच दल का गठन किया है। टीम को एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, अभी तक ये आरोप हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। अब प्रशासनिक जांच में ही स्पष्ट होगा कि शिकायत में कितनी सच्चाई है और इस कथित कारोबार के पीछे किन लोगों की भूमिका है। DC पशुपति नाथ मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि बालू और अन्य खनिजों के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में जिनकी संलिप्तता प्रमाणित होगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
सात घाटों पर अवैध खनन का आरोप
शिकायत के मुताबिक, धुरकी प्रखंड के सात घाटों पर बालू के कथित अवैध उत्खनन और भंडारण का मामला सामने आया है। इनमें रम्पा घाट, झबरीकहुआ घाट, बालचौरा घाट, गरौटा घाट, लिबरा घाट, माछपानी घाट, सुखलदरी वाटरफॉल के नीचे स्थित घाट शामिल हैं। आरोप है कि रात के अंधेरे में मशीनों की मदद से बालू निकाली जाती है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि बालू का भंडारण करने के लिये वन भूमि को समतल किया जा रहा है और इसके लिये पेड़ों की कटाई भी की गई है। वन विभाग के कुछ स्थानीय पदाधिकारियों और कर्मियों की भूमिका पर भी सवाल उठाये गये हैं। शिकायत में अवैध भंडारण के नाम पर कथित धन वसूली का आरोप भी शामिल है। हालांकि, जांच दल वन भूमि से संबंधित रिकॉर्ड, जमीन की स्थिति और कथित गतिविधियों की पड़ताल करेगा।
जांच में खंगाले जायेंगे रिकॉर्ड
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर आरोपों में से एक पहले से जब्त बालू की कथित बिक्री से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने बालू के भंडारण का अनुमानित मूल्य दो से तीन करोड़ रुपये बताया है। DC पशुपति नाथ मिश्रा के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच दल की अध्यक्षता श्री बंशीधर नगर के अनुमंडल दंडाधिकारी प्रभाकर मिर्धा करेंगे। टीम SDPO सत्येन्द्र नारायण सिंह, जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव, धुरकी के CO विमल सिंह शामिल हैं। टीम को सभी आरोपों की संयुक्त जांच करने, संबंधित अभिलेखों का सत्यापन करने और स्पष्ट मंतव्य के साथ एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।









