Hazaribagh : मां दुर्गा के आगमन की तैयारी के साथ हजारीबाग में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने की कवायद तेज हो गई है। पूजा पंडालों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा शहर की यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी कड़ी में पुलिस कप्तान ने शहरी क्षेत्र के साथ बड़कागांव थाना क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का औचक निरीक्षण किया और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों तथा पूजा समितियों को जरूरी निर्देश दिये। पुलिस का मकसद साफ है कि भक्ति और उत्साह के इस पर्व में श्रद्धालु बेफिक्र होकर मां दुर्गा के दर्शन करें और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो। दुर्गा पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए हजारीबाग शहर में 25 स्थानों पर ड्रॉपगेट और बैरियर लगाये जायेंगे। वहीं, वाहन चालकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 8 स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
पंडालों के आसपास CCTV लगाने की अपील
पुलिस कप्तान ने पूजा समितियों से सभी पूजा पंडालों और उनके आसपास 200 मीटर तक CCTV कैमरे लगाने की अपील की। इसके साथ ही आगजनी जैसी घटनाओं से बचाव के लिये अग्निशमन यंत्र रखने को कहा गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिये महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के आने-जाने की अलग-अलग व्यवस्था करने तथा पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर तैनात रखने का निर्देश दिया गया है। इससे भीड़ के दबाव को कम करने और किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने में सहूलियत होगी।
महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे पहुंचते हैं। इसे देखते हुये महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने के निर्देश दिये गये हैं। वहीं, असामाजिक तत्वों और हुड़दंग करने वालों पर नजर रखने के लिये पूजा पंडालों में सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जायेगी। पुलिस का प्रयास है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ पर्व का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे। वहीं, मूर्ति विसर्जन के दौरान तालाबों और जलाशयों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये गये हैं। उपलब्ध निर्देशों के अनुसार, विसर्जन स्थलों पर गोताखोरों के साथ रस्सी और ट्यूब जैसी जरूरी सुरक्षा सामग्री की व्यवस्था करने पर जोर दिया गया है, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल मदद उपलब्ध कराई जा सके। पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों को सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने और आयोजन के दौरान सतर्क रहने को कहा है। CCTV, अग्निशमन उपकरण, वॉलंटियर, महिला पुलिस बल और यातायात नियंत्रण जैसे इंतजामों से पर्व को सुरक्षित बनाने की तैयारी की जा रही है।






