Chouparan(Krishna Paswan) : चौपारण में होली, रमजान और रामनवमी के अवसर पर शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाये रखने के उद्देश्य से थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता SDPO अजित कुमार विमल ने की। CO संजय कुमार यादव ने कहा कि चौपारण क्षेत्र हमेशा से आपसी भाईचारे का प्रतीक रहा है और इसी परंपरा को कायम रखते हुये त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने का आह्वान किया। DSP बरही अजित कुमार विमल ने होली को खुशियों का त्योहार बताते हुये सभी से प्रेम और भाईचारे के साथ इसे मनाने की अपील की। बरही इंस्पेक्टर चंद्रशेखर प्रसाद ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर थाना क्षेत्र के सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। उन्होंने जबरन रंग-गुलाल लगाने से बचने और शांति बनाये रखने की अपील की।
थानेदार अनुपम प्रकाश ने कहा कि होली के दौरान हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। वहीं, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि DJ पर प्रतिबंध लागू रहेगा और यदि किसी स्थान पर विवाद की स्थिति बनती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की। बैठक का संचालन पूर्व मुखिया शंभु सिंह ने किया। इस अवसर पर थाना SI रवि रंजन, दिव्य प्रकाश, सुभाष मलिक, जिप सदस्य राकेश रंजन, मुखिया संघ अध्यक्ष बिरेन्द्र रजक, मुखिया प्रतिनिधि बिनोद सिंह, समिति सदस्य सहित कई जनप्रतिनिधि एवं डीजे संचालक उपस्थित रहे।










