Bihar : पटना के मसौढ़ी अंचल कार्यालय में मंगलवार सुबह कार्यालय खुलते ही निगरानी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुये राजस्व कर्मचारी को एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया। इस सनसनीखेज गिरफ्तारी से पूरे अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया।
गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान भदौरा मौजा के राजस्व कर्मचारी राजा कुमार के रूप में हुई है। निगरानी विभाग के DSP वसीम फिरोज के मुताबिक, राजा कुमार पर 11 एकड़ जमीन के परिमार्जन के बदले ढाई लाख रुपये घूस मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता को महीनों तक टहलाने के बाद एक लाख रुपये में सौदा तय किया गया था। मंगलवार को जैसे ही शिकायतकर्ता तय रकम लेकर पहुंचा, पहले से तैनात निगरानी टीम ने इशारा मिलते ही ट्रैप कर लिया और कर्मचारी को रुपये के साथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई इतनी अचानक थी कि कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। निगरानी टीम ने सभी साक्ष्य जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई के बाद मसौढ़ी अंचल और प्रखंड कार्यालय में खलबली मची हुई है, वहीं आम लोगों में कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज है।






