Ranchi : झारखंड की धरती में अब बहुत जल्द ही शतरंज के अंतरराष्ट्रीय सितारों की चालें दिखाई देंगी। दिसंबर 2026 में सरायकेला-खरसावां जिले में प्रस्तावित ‘चीफ मिनिस्टर्स ट्रॉफी इंटरनेशनल ग्रैंडमस्टर शतरंज चैंपियनशिप-2026’ को लेकर तैयारियां तेज हो गयी हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार को सरायकेला-खरसावां जिला शतरंज संघ के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की पूरी जानकारी दी।
दिसंबर में सजेगी शतरंज की बड़ी बिसात
भारतीय शतरंज संघ (AICF) और झारखंड शतरंज संघ (SKDCA) के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली इस चैंपियनशिप में अंतरराष्ट्रीय स्तर के ग्रैंडमास्टरों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।आयोजन का प्रस्तावित स्थल सरायकेला-खरसावां होगा। ऐसे में जिले को खेल के अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर पहचान दिलाने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है। इस चैंपियनशिप की एक खास बात यह भी होगी कि इसे स्मृति शेष पद्म श्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जयंती को समर्पित किया गया है। यानी शतरंज की बिसात पर होने वाली यह अंतरराष्ट्रीय भिड़ंत झारखंड की मिट्टी और उसकी एक बड़ी राजनीतिक-सामाजिक पहचान को सम्मान देने का अवसर भी बनेगी।
सरायकेला से दुनिया तक जायेगी झारखंड की चाल
शतरंज में एक छोटी-सी चाल भी पूरी बाजी का रुख बदल देती है। कुछ ऐसा ही सपना इस आयोजन के पीछे भी दिखाई देता है, झारखंड के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय माहौल देना और राज्य को वैश्विक शतरंज मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करना। ऐसे आयोजनों से स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े खिलाड़ियों को करीब से देखने, उनसे सीखने और अपने खेल को निखारने का अवसर मिल सकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में SKDCA के अध्यक्ष मनोज कुमार, उपाध्यक्ष लक्ष्मण टुडू, शैलेंद्र कुमार और अभिषेक दास शामिल थे। प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को प्रतियोगिता की तैयारियों और आयोजन से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी दी।







