Palamu : पलामू में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सरकारी स्कूल के 55 साल का पारा शिक्षक सत्यदेव विश्वकर्मा स्कूल की रसोइया पर दबाव बनाकर उससे अनैतिक संबंध चाहता था। रसोइया ने यह बात अपने पति को बताई, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और इसी से भड़के पारा शिक्षक ने उसके पति की हत्या की सुपारी दे दी। सत्यदेव ने 40 हजार रुपये देकर तीन शूटरों राजवंश परहिया, राजू साव और मंटू परहिया को हत्या का काम सौंपा था। प्लान के मुताबिक राजवंश गोली मारता और बाकी आरोपी चाकू से वार करते। लेकिन हत्या से पहले ही पुलिस को इसकी भनक लग गई और चारों को धर दबोचा। गिरफ्तारी के समय पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा गोलियां और दो चाकू बरामद किये। सभी आरोपी छतरपुर थाना क्षेत्र के सिलदिली–कुंडौली के रहने वाले हैं। इस बात का खुलासा करते हुये पलामू SP रीष्मा रमेशन ने मीडिया को बताया कि पारा शिक्षक सत्यदेव विश्वकर्मा झोलाछाप डॉक्टर का भी काम करता था और इलाज के दौरान ही उसकी जान-पहचान शूटर राजवंश से हुई थी, जो पहले भी डकैती के केस में जेल जा चुका है। SP ने बताया कि सत्यदेव रसोइया पर लगातार दबाव बना रहा था और उसकी मंशा पूरी न होने पर उसने हत्या की खौफनाक साजिश रची। पुलिस टीम SDPO अवध कुमार यादव, थानेदार प्रशांत प्रसाद और अन्य अधिकारियों ने मिलकर इस वारदात को अंजाम से पहले ही नाकाम कर दिया।






