UP : यूपी के प्रयागराज में एक ही परिवार के चार लोगों के हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एक बेटे ने डेढ़ करोड़ के जेवरों के लालच में अपने ही माता-पिता और बहन की हत्या की साजिश रची। लेकिन कहानी में ऐसा मोड़ आया कि आखिर में वह खुद भी अपने दोस्त के हाथों मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी पत्नी अनीता और बेटी मीनाक्षी की हत्या का मास्टरमाइंड उनका बेटा अभिषेक था। उसने अपने दोस्त शनि गुप्ता के साथ मिलकर रविवार शाम इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
ऐसे दिया कांड को अंजाम
पहले बहन मीनाक्षी को लोहे की रॉड से मार डाला गया। फिर सो रहे माता-पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर उनकी जान ले ली गई। इसके बाद दोनों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी समेट ली। लेकिन लालच की यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं चली। जेवरों के बंटवारे के दौरान विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार, अभिषेक अपने दोस्त शनि को सिर्फ पांच कंगन देना चाहता था। इसी बात पर भड़के शनि ने लोहे की रॉड से अभिषेक के सिर पर वार कर उसे भी मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस को गुमराह करने की साजिश
वारदात के बाद दोनों ने पुलिस को गुमराह करने की भी कोशिश की। अभिषेक ने एक गत्ते पर “बंटी-बबली बहू ने मारा” लिखकर अपने भाई और भाभी को फंसाने की साजिश रची थी। सबूत मिटाने के लिए मोबाइल, लैपटॉप और दस्तावेज पानी की टंकी में फेंक दिये गये।
CCTV ने खोला राज
मगर सीसीटीवी कैमरे ने पूरा खेल बिगाड़ दिया। अभिषेक के कपड़े और जूते पहनकर निकलते शनि की तस्वीर कैमरे में कैद हो गई। 23 सेकंड की फुटेज ने पुलिस को ऐसा सुराग दिया कि महज 12 घंटे में चार हत्याओं की गुत्थी सुलझ गई।पुलिस ने आरोपी शनि गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से करीब एक किलो सोना, 360 ग्राम चांदी और नकदी बरामद हुई है।
इसे भी पढ़ें : कोहली बाहर, अब किसे मिलेगा मौका? ये 3 नाम सबसे आगे…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में बदलेगा मौसम का खेल, बारिश-आंधी के बीच बढ़ेगी गर्मी
इसे भी पढ़ें : नहीं रहें मशहूर फिल्म निर्माता पहलाज निहलानी…
इसे भी पढ़ें : पटरी पर मिली एक साथ तीन ला’शें, मची सनसनी…
इसे भी पढ़ें : विधायक के ड्राइवर का म’र्डर, फूटा आक्रोश…






