Ranchi : रांची के बेड़ो थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर श्याम नंदन पासवान को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वत लेते हुये रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई थाना परिसर के अंदर ही की गई, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। ACB के मुताबिक यह साल 2026 का पहला ट्रैप केस है। मामला एक ट्रक मालिक से जुड़ा है। शिकायतकर्ता ने ACB को बताया था कि उसके 14 चक्का ट्रक की एमवीआई फिटनेस जांच रिपोर्ट भेजने के बदले दारोगा 50 हजार रुपये की मांग कर रहा था। ट्रक मालिक रिश्वत नहीं देना चाहता था, लेकिन आरोपी दारोगा लगातार फोन कर थाना बुला रहा था और काम अटकाने की धमकी दे रहा था।
ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद 7 जनवरी 2026 को ACB थाना रांची में केस दर्ज किया गया। 9 जनवरी को जाल बिछाया गया। तय योजना के तहत जैसे ही दारोगा ने 10 हजार रुपये की रिश्वत ली, ACB की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। फिलहाल आरोपी दारोगा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।













