काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी की तैयारी
घटना के विरोध में धनबाद पुलिस एसोसिएशन ने पुलिसकर्मियों द्वारा काला बिल्ला लगाकर ड्यूटी करने और अपने कर्तव्य पर नहीं लौटने के फैसले के लिये संगठन से अनुमति मांगी है।केंद्रीय संगठन ने भी साफ कर दिया है कि यदि पांच दिनों के भीतर जयराम महतो और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं होती है, तो राज्य की सभी शाखाओं के पदाधिकारी और सदस्य सामूहिक आंदोलन कर सकते हैं। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने मीडिया को बताया कि बीते 25 अगस्त को धनबाद पुलिस एसोसिएशन की शाखा से घटना की जानकारी मिली। संगठन का आरोप है कि 21 अगस्त की रात विधायक जयराम महतो ने बरवाअड्डा के थानेदार रवि कुमार को फोन किया और कथित तौर पर धमकी दी कि तबादला होने के बावजूद वह राज्य के जिस थाने में रहेंगे, वहां उनकी नौकरी बर्बाद कर दी जायेगी। एसोसिएशन के मुताबिक, इसके बाद देर रात विधायक अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंचे। आरोप है कि वहां थाना प्रभारी की टेबल पर रखे सामान को इधर-उधर किया गया। पुलिस एसोसिएशन ने इसे पुलिस पदाधिकारी के सम्मान और गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताया है। एसोसिएशन का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने आरोपियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
सोशल मीडिया बयानबाजी पर भी पुलिस संगठन नाराज
पुलिस एसोसिएशन ने विधायक जयराम महतो की ओर से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से पुलिसकर्मियों को लेकर कथित बयानबाजी पर भी आपत्ति जताई है। संगठन का आरोप है कि पुलिसकर्मियों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा में वीडियो जारी किये जा रहे हैं।
![]()







