Garhwa(Nityanand Dubey) : लगातार हो रही बारिश और अन्नराज डैम के जलभराव से प्रभावित सिंजो गांव के हालात को लेकर शनिवार को गढ़वा सदर एसडीएम संजय कुमार ने गांव का औचक निरीक्षण किया। पिछले कुछ दिनों से मीडिया में यह मुद्दा छाया हुआ था कि गांव के चारों टोले मध्य, पूर्वी, पश्चिमी और उत्तरी – बाढ़ जैसी स्थिति से घिरे हैं, खासकर उत्तरी टोला में हालात सबसे गंभीर हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, पीवीटीजी और ओबीसी समुदाय के लोग असुरक्षित नावों और ट्यूबों के सहारे आवागमन करने को मजबूर हैं।
SDM ने मौके पर सुनी लोगों की पीड़ा
SDM ने बच्चों, किसानों, बुजुर्गों और युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने ग्रामीणों को जल्द ही लाइफ जैकेट उपलब्ध कराने और अन्य जरूरी राहत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। गांव तक पक्की सड़क और जंगली हाथियों से सुरक्षा को लेकर भी ग्रामीणों ने मांग रखी, जिस पर अधिकारियों ने पहल का भरोसा दिलाया।
स्थानीय प्रशासन भी पहुंचा साथ
SDM के दौरे की सूचना मिलते ही रंका BDO शुभम बेला टोपनो, सीओ शिवपूजन तिवारी, और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने गांव के प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण कर बच्चों और शिक्षक से शैक्षणिक हालात की जानकारी भी ली। एसडीएम संजय कुमार ने कहा कि “सिंजो जैसे संवेदनशील इलाकों में प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। हर जरूरी कदम उठाया जायेगा ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।”














