Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के सदर SDO संजय कुमार के संवाद कार्यक्रम “कॉफी विद एसडीएम” में बुधवार को एम्बुलेंस चालक जुटे। चालकों ने अपना दर्द रखा और बोले, एजेंसी से नियमित वेतन नहीं मिलता, कई बार एक दिन की कमाई ₹100 से भी कम है, मेहनत के बावजूद पेमेंट रोका जाता है। बिना ग्लव्स और मास्क के मरीज उठाने पड़ते हैं, चालक बोले, “ उनकी जान भी खतरे में रहती है। गाड़ियों की दुर्दशा है, कई एम्बुलेंस खराब पड़ी है, मरम्मत में देरी और मैकेनिक का बकाया का झगड़ा है।
SDO संजय कुमार ने निर्देश दिया कि निजी एम्बुलेंस वाले तय किराये से अधिक न लें। सड़क हादसे में घायलों की मदद करने पर “राह वीर” योजना से इनाम और सम्मान मिलेगा। SDO ने उन चालकों की सराहना की जिन्होंने घायलों की पहले मदद की। इनके सम्मान में सबके सामने बजवाई तालियां। SDO ने चालकों से कहा कि “आप जीवन रक्षक हैं, आपकी तत्परता से ही कई लोग जीते हैं। प्रशासन हर संभव मदद करेगा।” चालकों ने फरियाद की कि अस्पतालों में सहयोग की कमी है। रहने-खाने की बुनियादी सुविधा का अभाव है। SDO ने कहा, “संबंधित अधिकारियों तक हर समस्या पहुंचाई जायेगी। कार्यक्रम में 108 सेवा, निजी एम्बुलेंस, सरकारी विभाग, रेड क्रॉस और ममता वाहन के कर्मी मौजूद थे।यह मुलाक़ात सिर्फ चाय-कॉफी की नहीं थी, बल्कि उन “अनसुने हीरो” की आवाज थी जो सड़कों पर दौड़ती एम्बुलेंस में बैठकर हर दिन जिंदगियां बचाते हैं।










