New Delhi : भारतीय जनता पार्टी को नया नेतृत्व मिलते ही संगठन की राजनीति में ताजगी साफ नजर आई। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने पहले संबोधन में कार्यकर्ता को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया और साफ कहा कि पार्टी की आगे की राजनीति कार्यकर्ता-आधारित सोच पर ही आगे बढ़ेगी। भारत माता की जय के उद्घोष के साथ शुरू हुये संबोधन में नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के सभी पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों का सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को इतना बड़ा दायित्व मिलना भाजपा की वैचारिक मजबूती और संगठनात्मक लोकतंत्र का प्रमाण है।
अपने भाषण में नितिन नवीन ने PM मोदी से जुड़े अनुभव साझा करते हुये कहा कि जनभावनाओं से जुड़ना ही नेतृत्व की असली पहचान है। उन्होंने दो टूक कहा कि भाजपा में राजनीति पद नहीं, बल्कि उत्तरदायित्व है और “राष्ट्र प्रथम” पार्टी की स्थायी विचारधारा है। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को शुभकामनायें देते हुये कहा कि भाजपा का यह संगठन पर्व कार्यकर्ता-केंद्रित राजनीति का उत्सव है। पीएम मोदी ने नितिन नवीन को युवा पीढ़ी का प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि वे उस दौर से आये हैं, जिसने रेडियो से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक का सफर देखा है और यही अनुभव पार्टी को भविष्य की दिशा देगा।
बांकीपुर विधायक नितिन नबीन ने भारतीय जनता पार्टी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। दिल्ली में हुये समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नबीन की ताजपोशी के बाद पटना में जश्न का माहौल दिखा। इनकम टैक्स गोलंबर, मौर्या लोक और भाजपा कार्यालयों में आतिशबाजी हुई, मिठाइयां बांटी गईं। उनके सरकारी आवास पर बड़ी स्क्रीन पर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया।
![]()















