Kohramkive : धरती पर फूलों वाले पौधों की लगभग 2.5 लाख से 4 लाख प्रजातियां पाई जाती हैं। रंग, खुशबू और आकार की इस बेमिसाल विविधता में गुलाब, ट्यूलिप, ऑर्किड और कमल जैसे फूल तो आम हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि दुनिया में एक ऐसा फूल भी है, जिसका वजन 11 किलोग्राम तक हो सकता है? जी हां, इस फूल को दुनिया का सबसे बड़ा अकेला फूल माना जाता है। पूरी तरह खिलने पर यह फूल जंगल की जमीन पर फैला हुआ नजर आता है, जो घने वर्षावनों में एक अलग ही दृश्य रचता है।
रैफलेसिया अर्नोल्डी: दुनिया का सबसे बड़ा फूल
दुनिया का सबसे बड़ा फूल रैफलेसिया अर्नोल्डी है। यह अपने विशाल आकार और तीखी बदबू के कारण दुनियाभर में मशहूर है। जब यह खिलता है, तो इससे सड़े हुये मांस जैसी गंध आती है, इसी वजह से इसे आम भाषा में “लाश का फूल” या कॉर्प्स फ्लावर भी कहा जाता है। इस दुर्गंध का एक खास मकसद है यह मक्खियों को आकर्षित करती है, जो इसके परागण (Pollination) में मदद करती हैं।
आकार में विशाल, बनावट में अनोखा
- फूल का व्यास लगभग 3 फीट तक होता है
- वजन 6 से 11 किलोग्राम के बीच
- रंग गहरा लाल या ईंट जैसा लाल, जिस पर मस्से जैसे धब्बे होते हैं
- मोटी, गूदेदार और झुर्रीदार पंखुड़ियां
क्यों खास है बॉटनी की दुनिया में?
टाइटन एरम या तालीपॉट पाम जैसे पौधे भले ही बड़े दिखते हों, लेकिन उनके फूल कई छोटे फूलों का समूह होते हैं।
जबकि रैफलेसिया अर्नोल्डी सिर्फ एक ही विशाल फूल पैदा करता है—इसी कारण बॉटनी में इसकी अलग पहचान है।
कहां पाया जाता है यह फूल?
रैफलेसिया अर्नोल्डी मुख्य रूप से इंडोनेशिया के सुमात्रा और बोर्नियो के घने वर्षावनों में पाया जाता है। यह उन इलाकों में उगता है जहां नमी अधिक हो, धूप बहुत कम पहुंचती हो, तापमान लगभग स्थिर रहता हो। यह एक परजीवी पौधा है, जिसकी न तो जड़ें होती हैं, न पत्तियां और न ही तना। यह अपना पूरा जीवन टेट्रास्टिग्मा नाम की बेल के टिश्यू के अंदर बिताता है। खास बात यह है कि यह पौधा सिर्फ कुछ दिनों के लिये ही खिलता है, फिर मुरझा जाता है।
डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य ज्ञान के उद्देश्य से दी गई है। किसी भी वैज्ञानिक या शैक्षणिक संदर्भ के लिये विशेषज्ञों की सलाह लें।












