Bihar : रात की घनी स्याही में जब शादी की शहनाइयों की गूंज कानों में मद्धम पड़ रही थी, तब किसी को यह अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर बन जायेगा। बिहार के बेगूसराय में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार जिंदगियों को लील लिया, जबकि पांच लोग जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। यह हादसा बेगुसराय के नगर थाना क्षेत्र के खतोपुर चौक के पास हुआ। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खगड़िया से लौट रही थी। गाड़ी में कुल नौ लोग सवार थे, सभी शादी समारोह से लौट रहे थे। अचानक तेज़ रफ्तार में दौड़ती स्कॉर्पियो का टायर फट गया और ड्राइवर का बैलेंस बिगड़ गया। गाड़ी बेकाबू होकर डिवाइडर से जा टकराई और देखते ही देखते सब कुछ खत्म हो गया।
टक्कर इतनी भयानक कि बिखर गये स्कॉर्पियो के परखच्चे…
सुबह 3.40 बजे का समय था, अचानक टायर फट गया और फिर एक साथ चार लोगों की जान चली गई। टक्कर इतनी जर्बदस्त थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह चकनाचूर हो गई। राहगीरों ने जब मंजर देखा तो रुह कांप उठी। घायल चीख रहे थे, पर कहीं कोई मदद के लिये नहीं था। मृतकों और घायलों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पहाड़ चक के निवासियों के रूप में हुई है। सभी रिश्तेदार थे, जो एक साथ निकले थे, मगर किस्मत ने उन्हें हमेशा के लिये जुदा कर दिया। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया गया, घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया पर जो दर्द बचा है, वो शायद कभी न मिट सके।














