Ranchi : हरी घास पर दौड़ते कदम, दर्शक दीर्घा से उठता शोर और गोल की तलाश में लड़ते जज्बात, राजधानी रांची का बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम एक बार फिर फुटबॉल के रंग में रंग गया है। प्रतिष्ठित संतोष ट्रॉफी फुटबॉल टूर्नामेंट के साथ यहां खेलों का रोमांच पूरे शबाब पर पहुंच चुका है। ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन और झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के साझा बैनर तले आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी झारखंड को मिली है। यही वजह है कि स्टेडियम के बाहर से लेकर भीतर तक फुटबॉल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह है।
ग्रुप-सी में कड़ा मुकाबला
इस चरण में ग्रुप-सी के मुकाबले खेले जा रहे हैं, जिसमें मेजबान झारखंड, दिल्ली, बिहार और रेलवे की टीमें शामिल हैं। टूर्नामेंट के पहले ही दिन खिलाड़ियों ने यह साफ कर दिया कि यह सफर आसान नहीं होने वाला। दो मुकाबले खेले गये, एक मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ, जबकि दूसरे में दोनों टीमों के बीच आखिरी मिनट तक कड़ी टक्कर देखने को मिली। शुरुआती मैचों ने ही टूर्नामेंट के उच्च स्तर और प्रतिस्पर्धा का संकेत दे दिया। हालांकि मैच पहले ही शुरू हो चुके थे, लेकिन टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने किया। इस मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष सुप्रियो भट्टाचार्य भी मौजूद रहे। खेल मंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुये कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजन झारखंड में खेल संस्कृति को मजबूती देते हैं और युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। संतोष ट्रॉफी के मुकाबले 19, 21 और 23 दिसंबर को खेले जायेंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इन दिनों स्टेडियम में दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ेगी। खासतौर पर झारखंड टीम के मैचों को लेकर स्थानीय दर्शकों में अलग ही जोश है।आयोजन को लेकर सुरक्षा, दर्शकों की सुविधा और खिलाड़ियों के लिये जरूरी इंतजाम पूरी तरह किये गये हैं। बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम पूरी तरह तैयार है।






