Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा की शांत सुबह आज कुछ अलग थी, बरवाडीह पंचायत के खुले मैदान में जैसे उम्मीदों ने नया आसमान ओढ़ लिया था। गढ़वा के DC दिनेश यादव ने ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ का शुभारंभ किया। सरकारी विभागों के रंग-बिरंगे स्टॉल, लोगों की भीड़ और बीच में हर चेहरे पर उम्मीद की रोशनी। DC यादव एक–एक स्टॉल पर पहुंचे,अधिकारियों से बात की, लोगों की समस्यायें सुनीं और मौके पर समाधान का भरोसा दिया। उनका हर शब्द, हर कदम, जनता में यह संदेश दे रहा था “सरकार सिर्फ दस्तावेजों में नहीं, आपके साथ खड़ी है।” मंगल ध्वनि, खुशियों की गूंज और बच्चों की मुस्कान शिविर में आयोजित अन्नप्राशन और गोद भराई रस्में कार्यक्रम में एक नया रंग भर गईं।
प्रज्ञा केंद्र का कोड रद्द
निरीक्षण के दौरान जब DC दिनेश यादव प्रज्ञा केंद्र पहुंचे और वहां शुल्क विवरणी अनुपस्थित मिली, तो उनकी कठोर नाराजगी ने स्पष्ट कर दिया कि लापरवाही को शासन में कोई जगह नहीं। केंद्र का कोड तत्काल रद्द कर दिया गया, वहीं, सीएससी प्रबंधन से स्पष्टीकरण तलब किया गया। गढ़वा, श्री बंशीधर नगर, रंका, सगमा, रमना, केतार, मझीआंव
हर प्रखंड, हर पंचायत में आज सरकार लोगों की दहलीज पर दस्तक दे रही थी। लोगों ने विभिन्न योजनाओं के लिये आवेदन दिये, कई लाभुकों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान हुआ, यानी, सेवा की गति भी तेज और जनता की मुस्कान भी चौड़ी। मीडिया से बात करते हुये DC दिनेश यादव ने कहा कि “सेवा का अधिकार सप्ताह शासन को जनता तक पहुंचाने का तेज और सशक्त माध्यम है। यह पहल लोगों को समय पर, पारदर्शी और सरल सेवा सुनिश्चित करेगी।”






