Ranchi : लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है जनता का वोट और इस ताकत का इस्तेमाल करने के लिये मतदाता सूची में नाम होना जरूरी है। लेकिन कई बार जानकारी के अभाव, दस्तावेजों की कमी या दूसरी वजहों से पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाता। ऐसे लोगों के लिये झारखंड में निर्वाचन विभाग ने एक और मौका दिया है। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर 18 नवंबर को ‘एक और अवसर’ विशेष कैंप आयोजित किया जायेगा। झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने राज्य के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से इस कैंप का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि 18 नवंबर को राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 11 बजे से दोपहर 4 बजे तक विशेष कैंप लगाया जायेगा। इस दौरान BLO-BLA-2 की बैठक और चुनाव पाठशाला का भी आयोजन होगा। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाये। के. रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि SIR के तहत आयोजित की जा रही यह छठी और अंतिम बीएलओ-बीएलए-2 बैठक है। उन्होंने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे 18 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठायें।
किन तीन बातों पर रहेगा विशेष फोकस?
निर्वाचन विभाग ने इस विशेष कैंप के दौरान तीन महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित किया है।
1. ASDD सूची में नाम होने पर भी मिलेगा मौकाः भारत निर्वाचन आयोग की ओर से ASDD (अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं डुप्लीकेट) सूची का सभी मतदान केंद्रों पर पुनः प्रकाशन किया जा रहा है। यदि कोई पात्र भारतीय नागरिक गलती से इस सूची में शामिल हो गया है, तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-6 अथवा इन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर सकता है।
2. नो मैपिंग और दस्तावेजों की कमी वाले मतदाताओं के लिये व्यवस्थाः नो मैपिंग, लॉजिकल डिस्क्रिपेंसी और अन्य श्रेणियों में शामिल उन मतदाताओं की सूची भी संबंधित मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिन्होंने घर-घर सत्यापन और ईआरओ स्तर से सुनवाई के दौरान दो बार नोटिस जारी होने के बावजूद आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराये हैं। ऐसे मतदाता अपनी स्थिति की जानकारी लेकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई कर सकते हैं।
3. 18 साल पूरे कर चुके युवाओं को भी मौकाः इस अभियान में पहली बार वोटर बनने की तैयारी कर रहे युवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ऐसे पात्र भारतीय नागरिक, जिन्होंने 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, लेकिन अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं कराया है, वे फॉर्म-6 जमा कर सकते हैं। इसके बाद उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी की जायेगी।
झारखंड में वोटर बनाने का आखिरी मौका…
#Jharkhand #Ranchi #VoterList #VoterRegistration #SIR #ElectionCommission #KRaviKumar https://t.co/RzShSBPn8Y— KohramLive (@KohramLive) November 17, 2026









