Ranchi : दूसरों के घरों को रोशन रखने की जिम्मेदारी जिन कंधों पर है, उनके अपने कार्यस्थल की परेशानियां अक्सर अनसुनी रह जाती हैं। आंधी हो या बारिश, दिन हो या रात, बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिये विद्युतकर्मी हर परिस्थिति में जुटे रहते हैं। लेकिन उनकी सुरक्षा, सुविधाओं और सम्मान का सवाल भी उतना ही अहम है। इन्हीं मुद्दों को लेकर झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय खूंटी पहुंचे। उन्होंने रांची सप्लाई एरिया बोर्ड के खूंटी डिविजन में कार्यरत विद्युतकर्मियों की स्थानीय समस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर ऊर्जा विभाग के अधिकारियों से मुलाकात की। अजय राय ने कहा कि झारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ विद्युतकर्मियों के अधिकार, सम्मान और हितों की रक्षा के लिये लगातार संघर्ष कर रहा है। राज्य के किसी भी कोने में कार्यरत विद्युतकर्मियों को परेशानी होगी तो संघ उनके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।
जान जोखिम में डालते हैं विद्युतकर्मी
अजय राय ने अधिकारियों के समक्ष विद्युतकर्मियों को कार्यस्थल पर होने वाली परेशानियों, लंबित समस्याओं और जरूरी सुविधाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि विद्युतकर्मी विषम परिस्थितियों में अपनी जान जोखिम में डालकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करते हैं। आम लोगों के घरों में रोशनी बनी रहे, इसके लिए वे हर मौसम और हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। विद्युतकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण, जरूरी सुविधाएं और सम्मानजनक व्यवहार मिलना चाहिए। इस मुलाकात के दौरान विद्युत कार्यपालक अभियंता जेम्स कुजूर, सहायक विद्युत अभियंता शैलेश कुमार कश्यप और आनंद कुमार कच्छप ने विद्युतकर्मियों से सीधे बातचीत की। अधिकारियों ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और समाधान के लिये हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अधिकारियों के इस सकारात्मक रुख का अजय राय ने स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्युतकर्मियों की लंबित समस्याओं का जल्द समाधान होगा और उन्हें कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।









