Kohramlive : भारतीय सड़कों पर परिवारों की पसंद बनी टोयोटा इनोवा अब नये अंदाज में दस्तक देने की तैयारी में है। लंबी दूरी का सफर हो या पूरे परिवार के साथ आरामदायक यात्रा, इनोवा ने वर्षों से भारतीय ग्राहकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई है। अब इसी भरोसे और लोकप्रियता को नया रूप देने के लिये टोयोटा अपनी पॉपुलर एमपीवी इनोवा हाईक्रॉस का फेसलिफ्ट मॉडल लाने जा रही है। जापानी ऑटोमोबाइल कंपनी टोयोटा ने इसी साल 25 नवंबर को होने वाली लॉन्चिंग से पहले नई इनोवा हाईक्रॉस का पहला आधिकारिक टीजर जारी कर दिया है। साल 2022 में भारतीय बाजार में आने के बाद यह इस मॉडल का पहला बड़ा अपडेट होगा। नई हाईक्रॉस में सिर्फ लुक ही नहीं बदलेगा, बल्कि फीचर्स और इंजन तकनीक में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। फीचर्स और तकनीक में संभावित बदलावों को देखते हुये नई इनोवा हाईक्रॉस की कीमत मौजूदा मॉडल से अधिक रहने की उम्मीद है।
सामने आया नया लुक
टोयोटा के जारी टीजर में नई इनोवा हाईक्रॉस के फ्रंट प्रोफाइल की झलक दिखाई गई है। इसमें नये हेडलैम्प और अपडेटेड LED DRL सिग्नेचर नजर आ रहे हैं। इनकी डिजाइन काफी हद तक टोयोटा अर्बन क्रूजर टैसर के लाइटिंग एलिमेंट्स जैसी दिखाई देती है। वहीं, नई फ्रंट ग्रिल, आगे और पीछे के बंपर में बदलाव, नये टेल लैम्प और फ्रेश अलॉय व्हील डिजाइन मिलने की संभावना है। यानी नई हाईक्रॉस पहले से ज्यादा आकर्षक और प्रीमियम अंदाज में नजर आ सकती है।
केबिन में मिलेगी लग्जरी की नई झलक
नई इनोवा हाईक्रॉस के इंटीरियर में भी कई बड़े अपग्रेड देखने को मिल सकते हैं। टोयोटा के इंडोनेशिया-स्पेक अपडेटेड मॉडल को आधार मानें तो इसमें मौजूदा 7 इंच के डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर की जगह 12.3 इंच का बड़ा TFT डिस्प्ले मिल सकता है। वहीं, हायर वेरिएंट में 12.3 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और इन-बिल्ट डैशकैम भी दिया जा सकता है। इन बदलावों से ड्राइविंग के दौरान बेहतर डिजिटल अनुभव मिलने की उम्मीद है। हालांकि, भारत में लॉन्च होने वाले मॉडल में कौन-कौन से फीचर्स मिलेंगे, इसकी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
85% इथेनॉल पर चलने वाला फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड इंजन
नई इनोवा हाईक्रॉस फेसलिफ्ट की सबसे खास बात इसका संभावित फ्लेक्स-फ्यूल हाइब्रिड पावरट्रेन है। टोयोटा इसमें 2.0 लीटर के चार सिलेंडर वाले पेट्रोल इंजन पर आधारित तकनीक पेश कर सकती है, जो 85 प्रतिशत तक इथेनॉल मिश्रित ईंधन यानी E85 पर चलने में सक्षम होगा। इस तकनीक के लिये इंजन और फ्यूल सिस्टम में विशेष बदलाव किये गये हैं।
इंजन में विशेष कैलिब्रेशन और अलग स्पार्क प्लग।
जंग से बचाव के लिए विशेष पिस्टन रिंग्स।
बेहतर कोल्ड स्टार्ट सिस्टम।
इथेनॉल सेंसर और संशोधित कैटेलिस्ट प्रोग्रामिंग।
अपग्रेडेड फ्यूल पंप, फिल्टर, टैंक और फ्यूल लाइन्स।
इस तकनीक का उद्देश्य इथेनॉल मिश्रित ईंधन के इस्तेमाल को आसान बनाना है। इससे वैकल्पिक ईंधन तकनीक को भी बढ़ावा मिल सकता है।









