Delhi : हुनर अगर हाथों में हो और कुछ कर गुजरने का जज्बा दिल में, तो गांव की गलियों से निकलकर पहचान देश की राजधानी तक पहुंच जाती है। कभी घर-परिवार की जिम्मेदारियों में सिमटी रहने वाली जमशेदपुर के हुरलुंग की महिलाओं ने अपने हुनर और मेहनत से ऐसी ही एक नई कहानी लिखी है। उनके हाथों से तैयार प्राकृतिक उत्पाद अब दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय मंच पर लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला (IITF)-2026 में झारखंड पवेलियन इन दिनों ग्रामीण उद्यमिता और महिला सशक्तीकरण की खूबसूरत तस्वीर पेश कर रहा है। यहां हुरलुंग की महिलाओं द्वारा तैयार ‘नीव हर्बल्स हैंडमेड सोप्स’ खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह महज साबुन और सौंदर्य उत्पादों का कारोबार नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने के सपनों को नई उड़ान देने की पहल है।
न्यायमूर्ति ने किया झारखंड पवेलियन का भ्रमण
IITF-2026 के दौरान माननीय न्यायमूर्ति अनिल कुमार चौधरी ने झारखंड पवेलियन पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और राज्य की उद्यमशीलता से जुड़ी पहलों को देखा और उनकी सराहना की। इस दौरान नीव हर्बल्स के उत्पादों ने भी अपनी खास पहचान बनाई। प्राकृतिक सामग्रियों से तैयार इन उत्पादों ने आगंतुकों के बीच उत्सुकता पैदा की।
महुआ से साबुन, गाय के घी से लिपस्टिक…
नीव हर्बल्स की खासियत इसकी उत्पाद श्रृंखला में इस्तेमाल होने वाली प्राकृतिक और पारंपरिक सामग्री है। यहां सिर्फ हस्तनिर्मित साबुन ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़े कई उत्पाद तैयार किये जाते हैं।
इसकी उत्पाद श्रृंखला में शामिल हैं:
हस्तनिर्मित प्राकृतिक साबुन
परफ्यूम और मॉइस्चराइजर
लिपस्टिक
रोल-ऑन ऑयल
रूम और कार डिफ्यूजर
साबुन बनाने में महुआ, नारियल और पाम ऑयल का इस्तेमाल किया जाता है। वहीं चंदन और जैस्मिन जैसे सुगंधित तेल इन्हें अलग पहचान देते हैं। ब्रांड के जोजोबा ऑयल रोल-ऑन और कुमकुमादि आधारित मॉइस्चराइजर भी खास हैं। लिपस्टिक की बात करें तो इसे गाय के घी और मधुमक्खी के मोम यानी बीजवैक्स से तैयार किया जाता है। इसमें प्राकृतिक रंग के लिये अन्नाटो (Annatto) बीजों का इस्तेमाल होता है। नीव हर्बल्स की को-फाउंडर शिखा जैन के मुताबिक, IITF-2026 में उनका ‘सिल्वर हाइट्स रोल-ऑन’ आगंतुकों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। इसकी अच्छी मांग देखने को मिल रही है। सबसे खास बात यह है कि नीव हर्बल्स के उत्पादों की कीमत 100 से 600 रुपये के बीच रखी गई है। यानी प्राकृतिक उत्पादों को आम लोगों की पहुंच में रखने की कोशिश की गई है।
दिल्ली तक पहुंचा आत्मनिर्भरता का सपना
IITF-2026 में नीव हर्बल्स की मौजूदगी झारखंड के लिये केवल एक व्यावसायिक उपलब्धि नहीं है। यह उन ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और आत्मविश्वास की पहचान भी है, जो अपने हुनर को रोजगार और पहचान में बदल रही हैं। झारखंड की मिट्टी में हुनर की कमी नहीं है। जरूरत है उसे सही मंच, बाजार और पहचान देने की। दिल्ली के इस अंतरराष्ट्रीय मेले में हुरलुंग की महिलाओं की यह पहल उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।










