Garhwa(Nityanand Dubey) : न्याय की चौखट पर उम्मीद लिये आये लोगों को शनिवार को बड़ी राहत मिली, जब राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में 72,300 मामलों का निपटारा हुआ। इस दौरान 1.70 करोड़ रुपये का राजस्व वसूला गया, वहीं विभिन्न योजनाओं के तहत लाभुकों को 59.62 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई।
महिला सशक्तिकरण का संकल्प
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायमूर्ति सुजित नारायण प्रसाद ने ऑनलाइन माध्यम से किया। इस दौरान गढ़वा के प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय के.के. झा, DC शेखर जमुआर, SP दीपक कुमार पांडेय समेत अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। प्रधान न्यायाधीश ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का जिक्र करते हुये कहा कि महिलाओं को आगे आकर लंबित मामलों के निपटारे में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिये। DC शेखर जमुआर ने कहा कि गढ़वा की महिलाएं JSLPS के माध्यम से हर क्षेत्र में सक्रिय हैं और महिला सशक्तिकरण का उदाहरण पेश कर रही हैं। SP दीपक कुमार पांडेय ने कहा कि सही समय पर महिलाओं को कानूनी जानकारी दी जाये तो घरेलू विवादों का समाधान घर पर ही किया जा सकता है। इस लोक अदालत में विभिन्न श्रेणियों के मामलों का समाधान किया गया, जिसमें बैंक विवाद, बिजली संबंधित मामले, मोटर वाहन अधिनियम के तहत वाद और पारिवारिक न्यायालय से जुड़े मामले शामिल रहे।
इस सफल आयोजन में न्यायिक अधिकारियों के साथ-साथ न्यायालयकर्मी प्रमोद कुमार दूबे, सुमित्रा देवी और राजेश कुमार का योगदान सराहनीय रहा। पीएलवी सूर्यदेव चौधरी एवं अन्य सहयोगियों की मेहनत ने इस लोक अदालत को सफलता का नया आयाम दिया। न्याय का यह पर्व कई घरों में खुशियों का पैगाम बनकर पहुंचा, जहां सालों से रुके फैसले आखिरकार अपने मुकाम तक पहुंचे।










