Bokaro : एक साइको किलर की क्रूर हरकत और हसरत ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। यह साइको किलर चुन-चुन कर केवल महिलाओं को चाकू मार भाग निकलता है। उसने गुजरे कुछ रोज में ही तीन महिलाओं को चाकू से मारा। इसमें एक उसकी पत्नी मारी गई, वहीं दो लहुलूहान होकर अस्पताल में है। सबसे पहले उसने अपनी पत्नी को चाकू से गोद मार डाला। इसके बाद उसने अपने पुराने दोस्त की पत्नी गुड़िया को भी नहीं छोड़ा। तीसरी बार घर के नजदीक रहनेवाली शोभा पर चाकू से वार कर उसे लहुलूहान कर छोड़ दिया। शोभा पर तब हमला किया गया, जब वो अपने घर में अकेली थी। साइको किलर अजय रविदास ऐसा क्यों कर रहा है, यह राज तो उसके पकड़े जाने के बाद ही खुलकर सामने आयेगा। रातों-रात वह मोस्ट वांटेड बन गया। विवाहिता शोभा पर हमले के बाद CCTV फुटेज खंगाला गया, जिसमें अजय को भागते हुये देखा गया। अब महिलाओं के दिलों-दिमाग में साइको किलर अजय रविदास के नाम का खौफ समा गया है। यह डर बोकारो के चंद्रपुरा में ज्यादा झलक रहा है। हालांकि पुलिस का दावा है कि उसे बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा। साइको किलर अजय का फोटो वायरल हो गया है।
साइको किलर अजय का चेहरा बेनकाब होने के बाद पुलिस सबसे पहले उसके घर गई। उसका घर बोकारो के चंद्रपुरा में DVC कॉलोनी के पश्चिम पल्ली में है। पुलिस जब उसके घर पहुंची तो उसके घर के अंदर उसकी पत्नी की डेड बॉडी मिली। घर के लोगों ने मारी गई पत्नी का दाह-संस्कार कर दिया। उसकी लाश 6 जुलाई को मिली थी। इसके बाद अजय बोकारो के गोमिया थाना क्षेत्र के होसिर सबदीटांड़ गांव में रहनेवाले अपने पुराने दोस्त पवन रविदास के घर पहुंचा। बीते 4 जुलाई को वह अपने दोस्त पवन के साथ बाजार भी गया। अगले दिन यानी 5 जुलाई की सुबह अजय एक बार फिर पवन के स्वांग स्थित आवास पर मिलने पहुंचा। वहां पवन नहीं मिला। घर में उसकी पत्नी गुड़िया देवी अकेली थी। उसे अकेला पाकर उसपर चाकू से हमला कर दिया। इस बीच शुक्रवार की सुबह 6 बजे के करीब घर के पास ही रहनेवाले जयदेव मिश्रा के घर गया। उसकी पत्नी शोभा घर में अकेली थी। सुबह जगने के बाद वह अपना घर का काम कर रही थी। अचानक साइको किलर अजय रविदास ने शोभा पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक से हुए हमले के कारण शोभा शोर मचाते हुए घर से बाहर निकल आई और रोड पर जा गिरी। उस समय उधर से आते-जाते लोगों में से किसी ने पुलिस को बताया। जख्मी शोभा को DVC अस्पताल ले जाया गया। यहां से बेहतर इलाज के लिये उसे बोकारो जनरल अस्पताल रेफर कर दिया गया। हमले के बाद CCTV फुटेज में लोगों ने अजय रविदास को भागते हुए देखा। अब बोकारो पुलिस इस साइको किलर को खोज निकालने में अपना पूरा दम लगा रही है।















