UP : आगरा के एत्मादपुर तहसील क्षेत्र के खंदौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत चौकड़ा के प्राचीन शिव मंदिर और शहीद स्मारक के आसपास फैली गंदगी से नाराज लोगों ने CM योगी आदित्यनाथ को खून से पत्र लिखकर अपनी पीड़ा बताई है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने और तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद सफाई की समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों और समाजसेवियों का आरोप है कि धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व वाले दोनों स्थानों के आसपास लंबे समय से गंदगी फैली हुई है। कई बार स्थानीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। तहसील दिवस में भी शिकायत पहुंचाई गई, लेकिन लोगों के मुताबिक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। धीरे-धीरे नाराजगी बढ़ती गई और आखिरकार लोगों ने विरोध का ऐसा तरीका चुना, जिसने पूरे मामले को चर्चा में ला दिया।
‘साहब, कागज पर नहीं, अब खून से लिख रहे हैं’
लोगों ने मुख्यमंत्री के नाम खून से पत्र लिखकर प्रशासन का ध्यान खींचने की कोशिश की। इस विरोध के पीछे ग्रामीणों का कहना है कि जब सामान्य शिकायतों का असर नहीं हुआ, तो मजबूर होकर उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। समाजसेवियों ने स्थानीय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुये ग्राम पंचायत सेक्रेटरी के खिलाफ कार्रवाई और निलंबन की मांग भी की है। अब ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने समयसीमा भी रख दी है। लोगों का कहना है कि अगर शनिवार तक मंदिर और शहीद स्मारक के आसपास सफाई नहीं कराई गई, तो सैकड़ों लोग दोबारा खून से पत्र लिखकर विरोध करेंगे। इतना ही नहीं, इसके बाद बड़े आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।















