Ramgarh : रात तक घर लौटने की उम्मीद थी, लेकिन सुबह परिवार के सामने ऐसी खबर आई, जिसने सबको झकझोर दिया। मंगलवार की रात परिवार के साथ दुर्गापूजा का मेला देखने गया रोहित प्रजापति अब इस दुनिया में नहीं रहा। बुधवार सुबह उसका शव गिद्दी-नईसराय मार्ग पर पड़ारूनाला पुल के पास मिला। गले पर रस्सी का निशान और पेट पर चोट के संकेत मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीण सड़क पर उतर आये।
रात में हुआ था पति-पत्नी के बीच विवाद
रोहित प्रजापति सिरका कउवाबेड़ा का रहने वाला था। उसके भाई करण कुमार प्रजापति ने पुलिस को बताया कि रोहित अपनी पत्नी अंजू देवी और चार बच्चों के साथ पिछले एक साल से रामगढ़ में किराये के मकान में रह रहा था। मजदूरी कर दंपती अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। रोहित की बेटी आरुषी कुमारी ने मीडिया को बताया कि मंगलवार को परिवार ने गाड़ी बुक कर अरगड़ा की ओर दुर्गापूजा पंडाल और मेला देखा था। रात करीब साढ़े नौ बजे सभी रामगढ़ लौटे। इसी दौरान माता-पिता के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद रोहित गाड़ी से उतरकर चला गया। अगले दिन सुबह को सिरका के पास उसका शव मिलने की सूचना परिवार तक पहुंची। भाई घटनास्थल पर पहुंचे और शव की पहचान की। रोहित की मौत की खबर से नाराज ग्रामीणों ने आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। पड़ारूनाला पुल के दोनों ओर पेड़ लगाकर गिद्दी-नईसराय मार्ग जाम कर दिया गया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा। मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो सहित कई लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतेजार है।








