Patna: यह आश्चर्यजनक है कि बिहार में खगडिया जिले के एक थाने में फर्जी दारोगा विक्रम कुमार दो महीने तक ड्यूटी करता रहा। भयादोहन कर लाखों रूपये की उगाही भी की, पर पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। एक स्थानीय नागरिक ने सबूत दिए तो पुलिस अधिकारियों के होश उड गए। तब जाकर फर्जी दारोगा को दबोच कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।उसके पास से एक मोबाइल व दो एडमिट कार्ड बरामद हुए हैं। वह बेगूसराय के भगवानपुर प्रखंड का रहने वालाहै। एसपी अमितेश कुमार कह रहे हैं कि थानेदार पर भी कार्रवाई की जाएगी।
खगडिया जिले के मानसी थाने में 26 अगस्त 2021 को ही दरोगा विक्रम कुमार ने योगदान दिया था। उसने खुद को प्रशिक्षु दरोगा बताया था। थानेदार ने उसे थाने में जॉइन करा कर बकायदा काम भी सौंप दिया था। अब जांच पड़ताल के बाद पुलिस अधिकारी कह रहे हैं कि उसके पदस्थापन या प्रतिनियुक्ति को लेकर कोई आदेश जारी नहीं किया गया था। फिर भी मानसी थाने के थानेदार ने उसे थाने में रख लिया था। खगडिया पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक SP के आदेश से पिछले सात जुलाई को विधिवत जिलादेश के साथ मानसी थाना में चार पुलिस पदाधिकारियों ने योगदान किया था। इसमें विक्रम का नाम नहीं था फिर भी मानसी थानेदार ने उससे योगदान करा लिया।
आरटीआई कार्यकर्ता के आवेदन से खुली फर्जी दारोगा की पोल
फर्जी दारोगा के बारे में एक आरटीआई के आवेदन ने सारी पोल खोल दी। खगडिया के गोगरी के आरटीआई कार्यकर्ता मनोज कुमार मिश्रा ने पिछले 26 अक्टूबर को एसपी को आवेदन देकर फर्जी दारोगा की पोल खोली थी। मनोज कुमार मिश्रा ने एसपी को दिए आवेदन में कहा था कि सरकार ने जिसे दरोगा चुना ही नहीं, वह मानसी थाने में वर्दी पहन कर ड्यूटी कर रहा है।इसके बाद खगडिया पुलिस सकते में आ गई। एसपी अमितेश कुमार ने सदर एसडीपीओ से मामले की जांच कराई तो मामला सही पाया गया। इसके बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई और गिरफ्तार किया गया।
सारी गलती थानध्यक्ष की
एसपी ने कहा कि इस मामले में सारी गलती मानसी के थानाध्यक्ष की है। जांच के क्रम में थानाध्यक्ष द्वारा लापरवाही, स्चेच्छाचारिता, मनमानेपनऔर वरीय पदाधिकारियों को गुमराह करने का आरोप सही पाया गया है। थानाध्यक्ष के काम से पुलिस की छवि धूमिल हुई है। थानाध्यक्ष के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसे भी पढ़ें : BREAKING : CIP में गार्ड को मारी गोली, मौत
इसे भी पढ़ें : हॉस्पिटल में सो रही महिला से ‘गंदा काम’, देखें फुटेज








