Bihar : बिहार के डिप्टी CM और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने गया की धरती से माफिया, अपराधी और नक्सलियों को सीधी और सख्त चेतावनी दे दी है। दो टूक शब्दों में उन्होंने कहा कि “मैं सब माफियाओं को ठीक करने आया हूं। ऐसा इलाज होगा कि उन्हें नीतीश कुमार का सुशासन याद रहेगा।” गया में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सम्राट चौधरी ने साफ किया कि अब अपराध और अतिक्रमण के लिए बिहार में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ बुलडोजर चल रहा है और आवेदन मिलते ही कार्रवाई तय है। “किसी माफिया ने कब्जा किया है तो जानकारी दीजिये, ढांचा गिरेगा,” यह संदेश उन्होंने खुले मंच से दिया।
नक्सलियों को लेकर भी डिप्टी CM का रुख बेहद सख्त दिखा। उन्होंने कहा कि बिहार में अब गिने-चुने नक्सली बचे हैं और अगले कुछ महीनों में वे या तो जेल में होंगे या उनका अंतिम ठिकाना गयाजी तय होगा। PM नरेंद्र मोदी के 2026 तक बिहार को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य को दोहराते हुये उन्होंने कहा कि सरकार इस दिशा में तेजी से काम कर रही है। कार्यक्रम में सम्राट चौधरी ने बदलते बिहार की तस्वीर भी रखी। उन्होंने कहा कि आज गया से पटना का सफर डेढ़ घंटे में पूरा हो रहा है, जो विकास की साफ पहचान है। साथ ही यह भरोसा दिलाया कि अगले पांच साल में बिहार के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा “हर हाथ को बिहार में ही काम मिलेगा।” मौका था गया जी में महाबोधि मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के उद्घाटन का। सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में अब मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं और आने वाले तीन वर्षों में पूरे राज्य में ऐसे संस्थान खड़े किये जायेंगे। उन्होंने दोहराया कि अपराधी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जायेंगे। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे समेत कई मंत्री और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






