Garhwa(Nityanand Dubey) : गढ़वा के श्री बंशीधर स्थित वृद्धाश्रम का माहौल कुछ अलग ही रहा। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के अध्यक्ष मनोज प्रसाद ने सचिव निभा रंजना लकड़ा के साथ अचानक वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्धजनों के रहने की स्थिति, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की तथा प्रशासन को व्यवस्थायें और बेहतर करने के निर्देश दिये।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश वर्चुअल माध्यम से राज्यभर के वृद्धाश्रमों से जुड़े एक कार्यक्रम में भी शामिल हुये। इसके बाद वृद्धजनों के लिए एक विशेष वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने कंबल, जैकेट, स्वेटर, गर्म टोपी, ब्लोअर, मच्छरदानी, तौलिया और आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री के साथ खाद्य पदार्थ भी वितरित किये। सामान पाकर वृद्धजन बेहद खुश और भावुक दिखाई दिये। न्यायाधीश ने इस मौके पर कहा कि समाज को अपने बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल के प्रति हमेशा जागरूक रहना चाहिये। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, BDO रौशन कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल, मेडिकल टीम और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने साझा तौर से वृद्धाश्रम की सुविधाओं को और बेहतर बनाने का संकल्प दोहराया।






