Khunti : खूंटी के मारंगहादा थाना क्षेत्र के तिलमा गांव में शुक्रवार की सुबह एक ऐसी दर्दनाक तस्वीर सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दंग कर दिया। एक ही घर में देवर और भाभी के शव फंदे से लटके मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते पूरे तिलमा गांव में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और हर जुबान पर बस एक ही सवाल था…आखिर ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने जिंदगी से हार मान ली?
मृतकों की पहचान सागर पाहन (28) और रंदाय टूटी (32) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही मारंगहादा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खूंटी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
पति के बाहर जाते ही बढ़ी नजदीकियां, गांव में होती थी चर्चा
ग्रामीणों के अनुसार, सागर पाहन और रंदाय टूटी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा थी। बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी के कारण रंदाय के पति नोगा पाहन 19 जून को रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्य चले गये थे। उनके जाने के बाद सागर का रंदाय के घर आना-जाना बढ़ गया था। दोनों को अक्सर साथ देखा जाता था और एक साथ भोजन करने की भी चर्चा गांव में होती रही।
पति के लौटने की खबर के बीच उठाया खौफनाक कदम
जानकारी के मुताबिक, जब इस रिश्ते की भनक नोगा पाहन को लगी तो उन्होंने पत्नी से फोन पर बात की और गांव लौटने की बात कही। इसी बीच गुरुवार रात दोनों ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
सुबह ऑटो चालक ने देखा मंजर…
शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे एक ऑटो चालक रंदाय के घर पहुंचा। घर के भीतर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गये। उसने दोनों के शव फंदे से लटके देखे और तत्काल ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामसभा के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
इस दर्दनाक घटना ने सबसे बड़ा घाव दो मासूम बच्चों को दिया है। रंदाय टूटी अपने पीछे 11 साल की बेटी और 4 साल के बेटे को छोड़ गई हैं। गांव में मातम पसरा है और बच्चों के भविष्य को लेकर लोगों की आंखें नम हैं।
जांच के बाद ही साफ होगी मौत की असली वजह
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

इसे भी पढ़ें : DGP तदाशा मिश्रा ने गोड्डा और दुमका पुलिस को दिये ये खास टास्क…
इसे भी पढ़ें : TMC छोड़ते ही तीन पूर्व सांसदों को BJP ने दिया राज्यसभा टिकट…
इसे भी पढ़ें : बारिश का रेड अलर्ट, इन तीन जिलों के स्कूल आज बंद…
इसे भी पढ़ें : बड़ा ए’नका’उंटर, गैंगस्टर के चार शू’टर ढेर…
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी अंचल में पहुंचे आदित्य साहू, क्या बोले… देखें वीडियो








