Kohramlive : पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुये तीन पूर्व राज्यसभा सांसदों को भाजपा ने अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है।भाजपा ने सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बड़ाईक को राज्यसभा उपचुनाव के लिये मैदान में उतारा है। खास बात यह है कि तीनों नेताओं ने बीते गुरुवार को ही भाजपा की सदस्यता ग्रहण की और कुछ ही घंटों बाद पार्टी ने उन्हें उम्मीदवार बनाकर बड़ा राजनीतिक संदेश दे दिया।
इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं तीनों सीटें
ये वही राज्यसभा सीटें हैं जो इन नेताओं के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं। चुनाव आयोग ने इन सीटों पर 24 जुलाई को मतदान कराने की घोषणा की है। भाजपा ने पश्चिम बंगाल के अलावा गुजरात विधानसभा उपचुनाव के लिये भी उम्मीदवार की घोषणा की है। मंजलपुर सीट से सतीशभाई गोविंदभाई पटेल को प्रत्याशी बनाया गया है।
प्रकाश चिक बड़ाईक बोले…
राज्यसभा उम्मीदवार बनाये जाने के बाद प्रकाश चिक बड़ाईक ने मीडिया से कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से विकास की कई संभावनायें अधूरी रही हैं। उन्होंने कहा कि वाम शासन और तृणमूल शासन के दौरान राज्य में कई काम पूरे नहीं हो सके। केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर तालमेल की कमी का असर विकास योजनाओं पर पड़ा। बड़ाईक ने कहा कि केंद्र के बजट में उत्तर बंगाल के लिये एम्स, मेडिकल कॉलेज, सिलीगुड़ी से दिल्ली तक बुलेट ट्रेन और हासीमारा में एयरपोर्ट जैसे प्रस्ताव शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ विकास को आगे बढ़ाना है।
TMC के बड़े चेहरों ने बदला राजनीतिक ठिकाना
सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बड़ाईक लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे हैं। तीनों नेताओं के TMC से इस्तीफे के बाद बंगाल की सियासत में हलचल तेज हो गई थी। गुरुवार को भाजपा में शामिल होने के साथ ही उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया। राजनीतिक जानकार इस कदम को भाजपा की बंगाल में अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं। राज्यसभा में अपनी मौजूदगी बढ़ाने के साथ-साथ भाजपा विपक्षी खेमे के प्रभावशाली चेहरों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में जुटी है। वहीं, TMC के लिये यह घटनाक्रम चिंता बढ़ाने वाला माना जा रहा है, क्योंकि पार्टी के अनुभवी नेताओं का दूसरे खेमे में जाना राज्य की राजनीति में नये समीकरणों का संकेत दे रहा है।
इसे भी पढ़ें : बारिश का रेड अलर्ट, इन तीन जिलों के स्कूल आज बंद…
इसे भी पढ़ें : बड़ा ए’नका’उंटर, गैंगस्टर के चार शू’टर ढेर…
इसे भी पढ़ें : ओरमांझी अंचल में पहुंचे आदित्य साहू, क्या बोले… देखें वीडियो
इसे भी पढ़ें : मेसरा बना ‘अंकुश क्रिकेट लीग-2’ का चैंपियन…
इसे भी पढ़ें : झारखंड में निवेश की ‘महाछलांग,’ ₹99,639 करोड़ से बदलेगी राज्य की तस्वीर…








