Delhi : दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा गैंगस्टर महफूज उर्फ बॉबी कबूतर के साथ उसकी गर्लफ्रेंड खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा की गिरफ्तारी के बाद जांच में चौंकाने वाले पहलू सामने आये हैं। जांच एजेंसियों का कहना है कि ब्यूटी पार्लर की आड़ में नेहा गैंग के लिये नेटवर्किंग, सप्लाई और नये संपर्क जोड़ने का काम करती थी।
सूत्रों के मुताबिक, नेहा पार्लर में आने वाली महत्वाकांक्षी युवतियों को धीरे-धीरे अपने प्रभाव में लेती थी। वह बातचीत के दौरान उनकी निजी परिस्थितियों और महत्वाकांक्षाओं को समझकर उन्हें बड़े सपने दिखाती थी। इल्जाम है कि कुछ युवतियों को विशेष रियायतें देकर पार्लर में बार-बार बुलाया जाता था, ताकि उनसे नजदीकी बढ़ाई जा सके। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में नेहा ने गैंग के ऑपरेशन से जुड़ी कई अहम जानकारियां दी हैं। बताया जा रहा है कि वह पहली मुलाकात में ही सामने वाले की मानसिकता को भांप लेती थी और ‘चिकनी-चुपड़ी’ बातों से भरोसा जीत लेती थी। पार्लर में बिताये गये समय के दौरान युवतियों का कथित तौर पर ब्रेनवॉश किया जाता था और उन्हें ग्लैमर व आसान कमाई के सपने दिखाकर गैंग के नेटवर्क से जोड़ने की कोशिश होती थी।
गैंग ऑपरेशन में महिलाओं की बढ़ती भूमिका
जांच एजेंसियों का मानना है कि यह मामला बताता है कि अपराध जगत में अब महिलाएं भी सप्लाई चेन, नेटवर्किंग और लॉजिस्टिक्स जैसे संवेदनशील काम संभाल रही हैं। नेहा को गैंग में ‘मैडम ज़हर’ के नाम से जाना जाता था और वह कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई तथा हाशिम बाबा गैंग से जुड़े नेटवर्क के लिये काम करती थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंग के कुछ ऑपरेशन में महिलाओं की भूमिका इसलिए भी अहम मानी जाती है क्योंकि उन पर शुरुआती स्तर पर संदेह कम होता है।
ब्यूटी पार्लर में हिडन कैमरा, रांची में खुला था राज
इसी तरह की कार्यप्रणाली का एक मामला कुछ वर्ष पहले राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र के बूटी मोड़ स्थित एक ब्यूटी पार्लर पर छापेमारी के दौरान सामने आया था। उस मामले में पार्लर संचालिका को गिरफ्तार किया गया था। जांच में आरोप लगा था कि पार्लर में आने वाली कुछ युवतियों को बहला-फुसलाकर आपत्तिजनक गतिविधियों में धकेला जाता था।तब खुलासा हुआ था कि ब्यूटी पार्लर में हिडन कैमरों के जरिये युवतियों की आपत्तिजनक तस्वीरें रिकॉर्ड कर बाद में उन्हें ब्लैकमेल करने की बात भी सामने आई थी। हालांकि पुलिस ने तब कई लड़कियों को भी हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की थी।








