Begusarai : बिहार के CM नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान बेगूसराय में आयोजित जनसभा में एक दिलचस्प और चर्चा में आने वाला पल देखने को मिला। जब मुख्यमंत्री मंच से सरकार की उपलब्धियां गिना रहे थे, तभी कुछ लोग कार्यक्रम स्थल से निकलने लगे। यह देखकर नीतीश कुमार ने अपना भाषण बीच में ही रोक दिया और मंच से ही लोगों को संबोधित करते हुये कहा, “आप लोग भाग क्यों रहे हैं? क्या मुझे बोलना बंद कर देना चाहिये?” CM नीतीश कुमार की पहली टिप्पणी के बाद भी जब कुछ लोग बाहर जाने लगे तो उन्होंने फिर से भीड़ की ओर इशारा करते हुये कहा कि कुछ लोग अभी भी जाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि उनके इस सवाल के बाद माहौल शांत हो गया और कई लोग रुककर उनका भाषण सुनने लगे। अपने संबोधन में CM नीतीश कुमार ने कहा कि 24 नवंबर 2005 से पहले बिहार की स्थिति काफी अलग थी। उन्होंने कहा कि उस समय कानून-व्यवस्था इतनी खराब थी कि लोग सूर्यास्त के बाद घर से बाहर निकलने में हिचकिचाते थे, लेकिन अब हालात में काफी सुधार हुआ है। CM ने अपनी सरकार की कई प्रमुख योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र किया। इनमें महिलाओं के लिये आरक्षण और सशक्तिकरण, धार्मिक सद्भाव, सड़क और आधारभूत ढांचे का विकास, शिक्षा सुविधाओं का विस्तार, रोजगार और नौकरी के अवसर, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार शामिल रहे। उन्होंने राज्य में महिलाओं के स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम JEEViKA की सफलता का भी जिक्र किया और कहा कि इससे लाखों महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिली है। CM नीतीश कुमार ने बेगूसराय में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के काम की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गुणवत्ता बनाये रखते हुये तय समय सीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जाये। डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे और केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार के साथ मिलकर ‘डबल इंजन सरकार’ बिहार के विकास को गति दे रही है। इस दौरान Bihar Industrial Area Development Authority के औद्योगिक विकास केंद्र, बरौनी में 189 परियोजनाओं की आधारशिला रखी गई। 211 परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया। इनमें Nature Polyplast Limited इकाई का उद्घाटन भी शामिल रहा। कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे, जिनमें डिप्टी CM सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री विजय कुमार चौधरी शामिल थे।
इसे भी पढ़ें : टीम इंडिया के स्टार स्पिनर आज बचपन की दोस्त संग लेंगे सात फेरे…










