Ranchi : भारतीय सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री शिवानी शर्मा आज अपने गृह राज्य झारखंड पहुंचीं। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में मौजूद फैंस ने तालियों, नारों और फूलों के साथ अभिनेत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान शिवानी शर्मा भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि झारखंड आना उनके लिये हमेशा खास और गर्व का क्षण होता है। उन्होंने कहा, “अपने राज्य में आकर मुझे एक अलग तरह की सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। यह मेरी जड़ों से जुड़ने जैसा है।” अभिनेत्री ने अपने संघर्ष और सफलता के सफर को साझा करते हुये कहा कि जो भी मुकाम उन्होंने हासिल किया है, उसके पीछे कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार का निरंतर सहयोग रहा है। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुये कहा कि सपनों पर भरोसा और धैर्य ही कामयाबी की असली कुंजी है। युवाओं को प्रेरित करते हुये शिवानी शर्मा ने कहा कि झारखंड प्रतिभाओं की धरती है। अगर यहां के युवाओं को सही मंच और मार्गदर्शन मिले, तो वे राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने राज्य में फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री की अपार संभावनाओं पर भी भरोसा जताया।
देश-विदेश में बनाई पहचान
शिवानी शर्मा ने हिंदी, पंजाबी और तेलुगू सिनेमा में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीता है। इसके साथ ही उन्होंने टी-सीरीज समेत कई नामचीन म्यूजिक कंपनियों के साथ काम करते हुये 50 से अधिक म्यूजिकल एल्बम्स में अभिनय किया है। उनके गाने और फिल्में देश-विदेश में लोकप्रिय रही हैं। हाल के वर्षों में अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स में उनकी सक्रिय भागीदारी ने उनके करियर को नई ऊंचाइयां दी हैं। झारखंड दौरे के दौरान शिवानी शर्मा राज्य के युवाओं के लिये प्रेरणा का सशक्त उदाहरण बनकर भी उभरीं।






