Kohramlive : हैदराबाद की चमचमाती रात, रंगीन रौशनी, तालियों की गूंज और मंच पर एक पल, जिसने इतिहास रच दिया। थाईलैंड की धरती से चली 21 साल की ओपल सुचाता जब हैदराबाद में मिस वर्ल्ड 2025 का ताज पहनकर खड़ी हुईं, तो सिर्फ एक लड़की नहीं, एक सपना जीता हुआ दिखा। मल्टीमीडिया अवॉर्ड के साथ मिस वर्ल्ड 2025 का खिताब जीतकर ओपल ने थाईलैंड के इतिहास में पहली बार इस मुकाम को छुआ। 108 देशों की सुंदरियों को पीछे छोड़ 40 फाइनलिस्टों में जब ओपल आगे बढ़ीं, तो मंच पर सिर्फ उनकी मुस्कान नहीं, पूरा एशिया मुस्कुराया। फुकेत की गलियों से निकलकर थामसैट यूनिवर्सिटी तक पहुंची ओपल, इंटरनेशनल अफेयर्स की छात्रा हैं। थाई, अंग्रेजी और चीनी भाषा में संवाद करने वाली इस युवती की आंखों में सपने हैं, और लबों पर उम्मीद।
16 साल की उम्र में स्वास्थ्य संकट ने उन्हें झकझोरा, लेकिन वह टूटी नहीं। ‘Opal for Her’ नाम से उन्होंने ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने की मुहिम शुरू की, जो आज थाईलैंड में एक जनआंदोलन बन चुकी है। ओपल पहले भी मिस यूनिवर्स 2024 में थाईलैंड की तरफ से तीसरे स्थान पर रह चुकी हैं। लेकिन जब मिस वर्ल्ड का मौका आया, तो उन्होंने मिस यूनिवर्स का ताज उतारकर एक नई रानी बनने की राह चुनी और आज वही राह इतिहास बन गई। भारत की ओर से नंदिनी गुप्ता ने प्रतियोगिता में भाग लिया और टॉप 20 तक पहुंचीं। भले ही ताज उनके सिर न सजा, मगर मंच पर उनकी गरिमा ने भारत का सिर ऊंचा किया।
बाकी विजेता
- First Runner-Up: हसेट डिरेजे (इथियोपिया)
- Second Runner-Up: माजा क्लायडा (पोलैंड)
- टॉप 4 में: अर्ली जोआचिम (मार्टिनिक)
जब भारत बना मिस वर्ल्ड का रंगमंच
72वें मिस वर्ल्ड का आयोजन इस बार भारत में हुआ। जैकलीन फर्नांडीज़ और ईशान खट्टर की परफॉर्मेंस, स्टेफनी डेल वैली का भारतीय लहंगे में जलवा और जूरी में सोनू सूद जैसे चेहरे, ये रात भारत की सांस्कृतिक भव्यता का एक उत्सव बन गई। CM रेवंत रेड्डी, अभिनेता चिरंजीवी और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर की मौजूदगी ने शो में चार चांद लगा दिये।












