Ranchi(Akhilesh Kumar) : राजधानी रांची के टाटीसिल्वे थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वेलरी दुकान को निशाना बनाकर लाखों की चोरी कर ली। मानकीढीपा स्थित मां अम्बे ज्वेलर्स में शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे बदमाश पीछे की दीवार काटकर अंदर घुसे और करीब ₹8 लाख के सोने-चांदी के गहने तथा ₹12 हजार नकद लेकर फरार हो गये। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दो चोर चोरी करते दिखाई दे रहे हैं।
दुकान संचालक नितेश कुमार ने बताया कि इससे पहले भी उनकी दुकान में दो बार चोरी का प्रयास हो चुका था, जिसकी शिकायत टाटीसिल्वे थाना में की गई थी। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं होने से बदमाश इस बार वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से बाजार की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। व्यापारियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलते ही टाटीसिल्वे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये हैं और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा।















