Simdega : सिमडेगा में एक 22 साल के युवक पर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जलाने की कोशिश की गई। बेतरह झुलसे युवक का इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक की पहचान संतोष महतो के रूप में हुई। उसके पिता का नाम किरण महतो बताया गया। वह वर्तमान में सिमडेगा के सलडेगा कुम्हारटोली में रहता है, वहीं, उसका पैतृक घर गुमला के कामडारा थाना क्षेत्र के सालेगुटू कुम्हारटोली में है।
अस्पताल पहुंची पुलिस, दर्ज किया पीड़ित का बयान
घटना की सूचना मिलते ही सिमडेगा थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायल युवक का बयान दर्ज किया। पीड़ित के फर्द बयान के आधार पर सिमडेगा थाना में केस (कांड संख्या 104/2026) दर्ज करते हुये जांच शुरू कर दी गई है। पीड़ित ने प्रेम प्रसंग से जुड़ी आपसी रंजिश का भी जिक्र पुलिस के सामने किया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी एक कारण पर निष्कर्ष नहीं निकाला गया है और सभी संभावित पहलुओं की वैज्ञानिक तथा निष्पक्ष जांच की जा रही है। सिमडेगा पुलिस कप्तान ने कांड में शामिल गुनहगारों को खोज निकालने के लिये एक स्पेशल टीम बनाई है।















